By- Vikash Kumar (Vicky)
देवघर/जसीड?/ बिहार के टेलवा हॉल्ट में रविवार को हुई मालगाड़ी दुर्घटना के बाद पूरी तरह बाधित हुआ पटना–हावड़ा मुख्य रेलखंड आखिरकार मंगलवार को बहाल कर दिया गया। रेलवे प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद इस महत्वपूर्ण रेल लाइन पर एक बार फिर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है। रेल परिचालन सामान्य होते ही जसीडीह स्टेशन समेत आसपास के क्षेत्रों में फिर से चहल-पहल लौट आई है।
रविवार को टेलवा हॉल्ट के पास मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से पटना–हावड़ा रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई थी। इस कारण लंबी दूरी के साथ-साथ लोकल और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी रोक दिया गया था। कई ट्रेनों को रद्द किया गया तो कुछ को वैकल्पिक मार्गों से चलाया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पटना–हावड़ा रेलखंड ठप होने से जनजीवन हुआ प्रभावित
पटना–हावड़ा रेल मार्ग देश के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण रेलखंडों में से एक है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। दुर्घटना के बाद इस लाइन पर एक भी ट्रेन का संचालन नहीं हो पाने से यात्रियों को बसों और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। कई यात्रियों को घंटों स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना में क्षतिग्रस्त पटरियों और ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन को दुरुस्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। भारी मशीनों और तकनीकी टीम की मदद से लगातार मरम्मत कार्य किया गया, जिसके बाद मंगलवार को ट्रायल सफल रहा और लाइन को यातायात के लिए खोल दिया गया।
जसीडीह स्टेशन पर लौटी रौनक, यात्रियों ने ली राहत की सांस
पटना–हावड़ा रेलखंड पर स्थित जसीडीह स्टेशन इस मार्ग का एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्टेशन है। यही स्टेशन देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम को देशभर से जोड़ता है। दुर्घटना के बाद ट्रेन परिचालन बंद होने से जसीडीह स्टेशन लगभग वीरान हो गया था। प्लेटफॉर्म पर सन्नाटा पसरा हुआ था और रोजाना आने-जाने वाले श्रद्धालकों की संख्या नगण्य रह गई थी।
मंगलवार को जैसे ही रेल परिचालन शुरू हुआ, जसीडीह स्टेशन पर फिर से यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी। प्लेटफॉर्म पर चहल – पहल नजर आई और स्टेशन परिसर में रौनक लौट आई। बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालकों ने भी राहत की सांस ली, क्योंकि ट्रेन बंद रहने से उनकी यात्रा प्रभावित हो रही थी।
ऑटो, टोटो और स्थानीय व्यवसायियों के चेहरे खिले
ट्रेन परिचालन बंद होने का सीधा असर स्थानीय ऑटो, ई-रिक्शा (टोटो) चालकों और छोटे व्यवसायियों पर पड़ा था। स्टेशन पर यात्रियों की भारी कमी के कारण इन लोगों की रोजी-रोटी पर संकट मंडरा रहा था। कई चालकों ने बताया कि दिनभर में मुश्किल से एक-दो सवारी मिल पा रही थी।
अब जब ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू हो गया है, तो स्टेशन के बाहर खड़े ऑटो और टोटो चालकों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आ रही है। चालकों का कहना है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने से उनका रोजगार फिर से पटरी पर लौट आया है। चाय, नाश्ता और अन्य छोटे दुकानदारों को भी इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से की सहयोग की अपील
रेलवे प्रशासन ने पटना–हावड़ा रेलखंड के बहाल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से किया जा रहा है। हालांकि कुछ ट्रेनों के समय में आंशिक बदलाव हो सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
रेलवे अधिकारियों ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
यात्रियों में संतोष, व्यवस्था बहाल होने पर जताई खुशी
जसीडीह स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने ट्रेन परिचालन शुरू होने पर संतोष जताया। यात्रियों का कहना है कि रेल सेवा बंद होने से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन अब स्थिति सामान्य होने से यात्रा आसान हो गई है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह राहत भरी खबर है।
टेलवा हॉल्ट में हुई मालगाड़ी दुर्घटना ने कुछ समय के लिए पटना–हावड़ा रेलखंड को पूरी तरह ठप कर दिया था, लेकिन रेलवे की त्वरित कार्रवाई से अब हालात सामान्य हो चुके हैं। जसीडीह स्टेशन समेत पूरे क्षेत्र में फिर से रौनक लौट आई है। ट्रेन परिचालन बहाल होने से न सिर्फ यात्रियों को राहत मिली है, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका भी दोबारा पटरी पर लौट आई है।

