By – Vikash Kumar (Vicky)
देवघरl जिले के जसीडीह थाना अंतर्गत पदन बेहरा गांव से एक अत्यंत हृदयविदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गांव के एक कुएं से एक मां और उसकी एक वर्षीय बच्ची का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में शोक, आक्रोश और भय का माहौल है। मृतका के परिजनों ने इसे दहेज हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान गुड़िया देवी (उम्र लगभग 25 वर्ष) और उसकी एक वर्षीय पुत्री पीहू कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बच्ची का जन्मदिन बीते शुक्रवार को था, लेकिन घरेलू कलह और पारिवारिक अशांति के कारण जन्मदिन नहीं मनाया जा सका। इसके ठीक अगले दिन शनिवार को मां और बच्ची दोनों का शव गांव के कुएं से बरामद किया गया, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
तीन साल पहले हुई थी शादी
सूत्रों के अनुसार गुड़िया देवी बिहार की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के पदन बेहरा गांव निवासी विष्णु यादव से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल में दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था।
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विष्णु यादव लगातार किसी न किसी चीज की मांग करता रहता था। मांग पूरी नहीं होने पर गुड़िया देवी के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। दहेज प्रताड़ना से तंग आकर गुड़िया देवी कुछ समय पहले अपने मायके चली गई थी।
जबरन ससुराल लाने का आरोप
परिजनों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले विष्णु यादव जबरन गुड़िया देवी और उसकी बच्ची को मायके से अपने साथ पदन बेहरा गांव ले आया था। इसके बाद से मायके वालों से उसका संपर्क लगभग टूट गया। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही फिर से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई।
मृतका के नाना ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पहले बच्ची की हत्या की गई और फिर मां को भी मौत के घाट उतार दिया गया। इसके बाद दोनों के शवों को कुएं में फेंक दिया गया ताकि घटना को आत्महत्या या दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
कुएं से शव मिलने के बाद मचा कोहराम
शनिवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने कुएं में शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस और ग्रामीणों को दी गई। कुएं से मां और बच्ची का शव बाहर निकाले जाने के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर फूट-फूट कर रोने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जसीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। दहेज हत्या के आरोपों को ध्यान में रखते हुए पति और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सवालों के घेरे में ससुराल पक्ष
इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है। एक मासूम बच्ची, जिसका जन्मदिन एक दिन पहले ही था, और उसकी मां की इस तरह मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
आगे की कार्रवाई पर टिकी नजर
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है, हत्या है या फिर दहेज हत्या का मामला।

