
Deoghar: विश्व पर्यावरण दिवस पर तिलक सेवा समिति ने दिया ‘एक वृक्ष अवश्य लगाएं’ का संदेश
देवघर। विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर तिलक सेवा समिति, देवघर के तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना और जनसामान्य को अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के विचारक, देवघर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य श्री लक्ष्मी नारायण पत्रलेख जी ने पर्यावरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने वैचारिक उद्बोधन में लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए, जिससे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सके।
समिति के केंद्रीय अध्यक्ष श्री हरे कृष्ण राय ने अपने संबोधन में कहा, “एक वृक्ष सौ पुत्र समान है, इसलिए आज ही एक वृक्ष अवश्य लगाएं ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे।”
समिति के संरक्षक एवं प्रधान संदपक प्रो. राम नंदन सिंह ने भी पर्यावरण के प्रति संक्षिप्त मगर प्रभावी विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन समिति के विपुल कुमार मिश्रा ने अपने खास अंदाज़ में किया, जिससे उपस्थित जनसमूह ने बार-बार तालियों से कार्यक्रम की सराहना की।
डॉ. विक्रम कुमार एवं सोनम झा ने पर्यावरण पर कविताओं के माध्यम से जागरूकता फैलाई, वहीं कवि वीरेश कुमार वर्मा और देव कुमार चटर्जी ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रशांत कुमार सिन्हा, वशिष्ठ राणा, प्रमोद यादव, डोमन यादव, श्यामदेव राय, नीरज कुमार, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को और भी सार्थक रूप मिला।