
Deoghar: सनकी प्रेमी ने शादीशुदा महिला के पति को चाकू मार किया घायल, हालत नाजुक।
देवघर। शहर के प्रोफेसर कॉलोनी में एक सनकी प्रेमी द्वारा शादीशुदा महिला के पति पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर देने की घटना सामने आई है। घायल युवक की पहचान दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय सूरज दास के रूप में हुई है। पत्नी द्वारा घायल सूरज को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति सूरज के साथ देवघर में रहती है, लेकिन कुंदन नामक युवक पिछले काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। महिला के अनुसार, कुंदन ने सूरज को रास्ते से हटाने के लिए चाकू से हमला किया।
घटना के बाद किसी तरह बीच-बचाव कर महिला ने अपने पति को छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया। हैरानी की बात यह है कि हमलावर कुंदन भी बेखौफ होकर अस्पताल पहुंच गया। कुंदन का दावा है कि वह महिला का कानूनी पति है और एक साल पहले उसने उससे शादी की थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि चाकू उसी ने मारा, लेकिन उसने इसे आत्मरक्षा में किया हुआ कदम बताया।
घटना के समय तक पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई थी।