
Deoghar: देवघर के आयुष संतोषी को ‘बेस्ट बेंच प्रेसर अवार्ड’ के लिए वेक्सो इंडिया करेगा सम्मानित,
6 जुलाई को मोमेंटो प्रदान करेंगे डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव
देवघर। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 6 जुलाई को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देवघर के होनहार युवा आयुष संतोषी को ‘बेस्ट बेंच प्रेसर अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वेक्सो इंडिया के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव आयुष को मोमेंटो प्रदान करेंगे।
आयुष संतोषी, देवघर के वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार संतोषी एवं कुमारी अलका सोनी के ज्येष्ठ पुत्र हैं। उनका जन्म 30 सितंबर, 2006 को बाबा नगरी देवघर में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मदर टच प्ले स्कूल तथा कैरियर स्कूल से प्राप्त की, जबकि कक्षा 6 से 12वीं तक की पढ़ाई गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल से पूरी की। वर्तमान में वे पंजाब में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
हाल ही में आयुष ने ‘बेस्ट बेंच प्रेसर अवार्ड’ अपने नाम कर देवघर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वे हनुमान जी को अपना आदर्श मानते हैं और अपनी सफलता का सम्पूर्ण श्रेय अपने पिता को देते हैं।
आयुष का सपना है कि वह भविष्य में बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में करियर बनाएँ। उनका मानना है कि बॉडीबिल्डिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि एक अनुशासन है, जो शारीरिक सौष्ठव, संतुलित आहार, कठोर प्रशिक्षण, और पर्याप्त विश्राम पर आधारित होता है। उन्होंने बताया कि मांसपेशियों के विकास में बेंच प्रेस, डेडलिफ्ट, स्क्वाट्स जैसे व्यायामों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। साथ ही, वे प्रोटीन युक्त आहार, सप्लीमेंट्स, और पर्याप्त नींद को भी बेहद जरूरी मानते हैं।
इस सम्मान समारोह के माध्यम से देवघर के युवाओं को फिटनेस एवं खेल के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।