पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के इटको मोड़ पर गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि उसकी 18 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तुकबेरा गांव के मुखिया विनोद विश्वकर्मा का बेटा विक्की विश्वकर्मा शराब के नशे में तेज रफ्तार पंच कार चला रहा था और सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपी चालक की जमकर पिटाई कर दी।

स्कूटी सवार भाई-बहन को सामने से मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी विक्की विश्वकर्मा विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में कार चला रहा था। शराब के नशे में उसका नियंत्रण गाड़ी पर नहीं रहा और कार सीधे स्कूटी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पर सवार भाई-बहन सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

युवक की मौत, बहन की हालत गंभीर

हादसे में स्कूटी चला रहे युवक त्रिपुरारी मेहता (22 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी बहन जानवी कुमारी (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

गुलाबचंद कॉलेज से लौट रहे थे भाई-बहन

मृतक त्रिपुरारी और घायल जानवी, गढ़वा जिले के जयनगरा गांव निवासी रणधीर मेहता की संतान हैं। दोनों छतरपुर के गुलाबचंद कॉलेज से पढ़ाई कर लौट रहे थे। घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

आरोपी शराब के नशे में पाया गया

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अल्कोहल टेस्ट कराया, जिसमें पुष्टि हुई कि वह शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि हादसे के बाद भीड़ ने आरोपी चालक की पिटाई कर दी। गंभीर चोटें लगने के कारण उसे भी रांची रेफर किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि नशे में गाड़ी चलाना आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है और प्रशासन को इस पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए। लोगों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।