भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित Sardar@150 यूनिटी मार्च के तहत देशभर के चारों कोनों से यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन्हें देश की प्रमुख नदियों के नामों पर रखा गया है। इनमें से दो यात्राएं राजस्थान से होकर गुजर रही हैं, जो कुल 10 जिलों को कवर करती हैं। पहली गंगा प्रवाह यात्रा को दिल्ली से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रवाना किया, जबकि दूसरी यमुना प्रवाह यात्रा को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर के अमर जवान ज्योति से हरी झंडी दिखाई।

इसी यूनिटी मार्च के माध्यम से देशभर के युवा गुजरात के केवड़िया पहुंच रहे हैं। देवघर जिला से प्रतिनिधित्व कर रहे दो सदस्य—सुमन यादव और सत्यम कुमार भैया—भी गुजरात पहुंच गए हैं। झारखंड प्रदेश से प्रत्येक जिले से दो प्रतिनिधि चुने गए थे। यह आयोजन भाजपा युवा मोर्चा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस यूनिटी मार्च में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत कुल सात राज्यों से 368 युवा शामिल हुए। प्रतिभागियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मस्थल करमसद से 152 किलोमीटर की पदयात्रा की, जहां रास्ते भर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
देवघर के प्रतिनिधि सुमन यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय सरदार पटेल के योगदान और इतिहास को दबाने का प्रयास हुआ, लेकिन भाजपा की सरकार ने न सिर्फ उन्हें भारत रत्न देकर सम्मानित किया, बल्कि विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर उनके राष्ट्र निर्माण के योगदान को नई पहचान दी। उन्होंने यह भी बताया कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए सबसे पहले लोहा देने वाला राज्य झारखंड था।
वहीं सत्यम कुमार भैया ने कहा कि केंद्र सरकार यूनिटी मार्च के जरिए पूरे देश के युवाओं को जोड़ने का काम कर रही है। देशभर के युवा आज केवड़िया पहुंचकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी विचारधारा को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प ले रहे हैं।
अंत में दोनों डेलिगेट्स ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज और देवघर जिला अध्यक्ष आशीष दुबे का आभार व्यक्त किया।
