देवघर। जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए देवघर पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक देवघर श्री सौरभ (भा.पु.से.) के आदेश पर साइबर थाना देवघर द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत छह शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक साइबर श्री प्रकाश मित्र के निर्देशन में 19 दिसंबर 2025 को की गई।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पलोजोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरी पहाड़ी स्थित बड़े चट्टान के नीचे कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी सक्रिय हैं, जो खुद को फर्जी बैंक कर्मचारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि एवं सरकारी पदाधिकारी बताकर आम लोगों को झांसे में ले रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड एवं प्रतिबंधित सिम बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि गिरफ्तार साइबर अपराधी फर्जी कॉल कर लोगों को सरकारी योजनाओं और कैशबैक के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे।
PM Kisan योजना के नाम पर ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि अपराधी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के लाभुकों को फर्जी लिंक भेजते थे। लिंक पर क्लिक करवाकर लाभुकों की निजी जानकारी और बैंक विवरण हासिल कर उनके खातों से अवैध रूप से राशि की निकासी की जाती थी। इस तरह से कई किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
PhonePe और Paytm कस्टमर केयर बनकर फ्रॉड
साइबर अपराधी खुद को PhonePe और Paytm का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। कैशबैक या रिफंड का झांसा देकर उपभोक्ताओं से PhonePe Gift Card बनवाया जाता था और फिर उसे रिडीम कर राशि हड़प ली जाती थी। इस गिरोह ने कई उपभोक्ताओं को डिजिटल ठगी का शिकार बनाया।
Airtel Payment Bank के नाम पर ठगी
इतना ही नहीं, आरोपी Airtel Payment Bank के फर्जी अधिकारी बनकर भी लोगों को फोन करते थे। Airtel Thanks App के माध्यम से खातों की सहायता या चालू कराने के नाम पर झांसा देकर उपभोक्ताओं से निजी जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी की जाती थी।
छापेमारी स्थल
यह पूरी कार्रवाई पलोजोरी थाना अंतर्गत तुरी पहाड़ी स्थित बड़े चट्टान के नीचे की गई। पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से छापेमारी कर सभी आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
सभी अभियुक्त देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
बरामद सामान
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कुल
08 मोबाइल फोन
11 सिम कार्ड
01 प्रतिबंधित सिम
बरामद किया गया है। पुलिस इन सभी डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पीड़ितों की जानकारी मिल सके।
साइबर अपराध पर पुलिस की सख्ती
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2025 से अब तक कुल 764 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान 942 मोबाइल फोन और 1188 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं, जिनमें 276 प्रतिबंधित आधार आधारित सिम शामिल हैं। यह आंकड़े जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई को दर्शाते हैं।
पुलिस की अपील
देवघर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी सरकारी योजना या डिजिटल भुगतान से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर थाना या नजदीकी थाना को दें।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार रवि, पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार एवं पलोजोरी थाना की पुलिस टीम शामिल थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
