By: Mala Mandal
Kitchen Cleaning Tips: रसोई घर का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला हिस्सा होता है। यहां रोजाना खाना बनाते समय तेल, मसाले, धुआं और भाप की वजह से स्लैब और टाइल्स पर चिकनाई की परत जमने लगती है। धीरे-धीरे ये दाग इतने जिद्दी हो जाते हैं कि सामान्य पानी या साबुन से साफ करना मुश्किल हो जाता है। खासतौर पर गैस चूल्हे के आसपास की दीवारें और स्लैब ज्यादा गंदी दिखने लगती हैं। अगर समय रहते सफाई न की जाए तो किचन की चमक फीकी पड़ सकती है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय आपकी रसोई को फिर से चमकदार बना सकते हैं।

नींबू और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल चिकनाई हटाने में बेहद असरदार माना जाता है। इसके लिए 2 चम्मच बेकिंग सोडा में नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इस पेस्ट को स्लैब और टाइल्स पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद स्पंज या स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़ें। इससे तेल की जमी परत आसानी से साफ होने लगती है और टाइल्स में चमक वापस आ जाती है।

सफेद सिरका भी एक नेचुरल क्लीनर की तरह काम करता है। एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सिरका और गर्म पानी मिलाएं। इसे चिकनाई वाली जगहों पर स्प्रे करें और कुछ मिनट तक छोड़ दें। बाद में सूखे या माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ करें। यह तरीका टाइल्स पर जमा तेल और बदबू दोनों को दूर करने में मदद कर सकता है।

अगर स्लैब पर ज्यादा चिपचिपापन जमा हो गया है तो डिशवॉश लिक्विड में थोड़ा नमक मिलाकर इस्तेमाल करें। नमक नेचुरल स्क्रब की तरह काम करता है और जिद्दी चिकनाई हटाने में मदद करता है। इस मिश्रण को गंदी जगह पर लगाकर कुछ मिनट छोड़ दें और फिर गीले कपड़े से साफ कर लें।

किचन टाइल्स के कोनों और जोड़ वाली जगहों पर सबसे ज्यादा गंदगी जमा होती है। इन्हें साफ करने के लिए पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है। बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट लगाकर ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ने पर जमा काला पन और तेल साफ होने लगता है।
सफाई के बाद आखिर में गर्म पानी से स्लैब और टाइल्स को पोंछना चाहिए। इससे साबुन या क्लीनर का बचा हुआ हिस्सा हट जाता है और किचन ज्यादा साफ और चमकदार नजर आता है।

अगर आप चाहते हैं कि किचन में चिकनाई जल्दी न जमे तो रोज खाना बनाने के बाद हल्के गीले कपड़े से सफाई जरूर करें। साथ ही चिमनी या एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें ताकि धुआं और तेल सीधे दीवारों पर जमा न हो। सप्ताह में एक बार डीप क्लीनिंग करने से किचन लंबे समय तक साफ और फ्रेश बना रह सकता है।

यह लेख सामान्य घरेलू जानकारी पर आधारित है। किसी भी सतह पर नया क्लीनिंग तरीका अपनाने से पहले उसे छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर करें। अलग-अलग टाइल्स और स्लैब की सतह पर परिणाम अलग हो सकते हैं।

