
By: Mala Mandal
देवघर सदर अस्पताल में छठ महापर्व के अवसर पर मानव सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। जहां पूरा देश छठी मैया की आराधना में लीन था, वहीं सदर अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि रंजन उपवास में रहते हुए भी मरीजों की सेवा में जुटे रहे।
दरअसल, रविवार को अस्पताल में दो गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन ऑपरेशन की आवश्यकता थी। इसकी सूचना मिलते ही छठ व्रत कर रहे डॉ. रवि रंजन बिना देर किए सदर अस्पताल पहुंचे और दोनों महिलाओं का सफल ऑपरेशन किया।

पहला ऑपरेशन बरमसिया निवासी रूपम कुमारी का किया गया। उन्होंने दिन के 12 बजकर 35 मिनट पर बच्चे को जन्म दिया। वहीं, दूसरा ऑपरेशन मोहनपुर निवासी नेहा कुमारी का किया गया। उन्होंने 12 बजकर 55 मिनट पर बच्चे को जन्म दिया।

खुशी की बात यह रही कि दोनों नवजात स्वस्थ हैं।
डॉ. रवि रंजन ने बताया कि वे छठ का व्रत कर रहे थे और उपवास पर थे। इसी दौरान अस्पताल से ऑपरेशन के लिए फोन आया। सूचना मिलते ही वे तुरंत अस्पताल पहुंचे और अपनी जिम्मेदारी निभाई।

कहते हैं कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। डॉ. रवि रंजन ने अपने इस कार्य से साबित कर दिया कि सच्ची आस्था के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करना भी एक बड़ी सेवा है।
छठी मैया के पावन पर्व पर दो परिवारों के घर गूंजी किलकारी और डॉक्टर की सेवा भावना ने लोगों का दिल जीत लिया।






