
Deoghar : दहेज की बलि चढ़ी युवती, मार्च में होनी थी शादी, फांसी लगाकर की खुदकुशी।
देवघर। थाना क्षेत्र के केनमनकाठी गांव में शुक्रवार की शाम को 20 वर्षीय युवती नेहा कुमारी का शव बरामद किया गया। युवती का शव उसके घर के कमरे में कपड़े के फंदे से लटका हुआ था। घटना के संबंध में युवती के परिजन ने शादी के लिए तय किये गये लड़के के घरवालों के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना पाकर थाना से पुलिस पदाधिकारी व जवान घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। इसके बाद शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया किया जा रही है। मृतका की मां ललिता देवी व दादा लालजी दास ने बताया कि कुछ वर्ष पहले लड़की के पिता का देहांत हो गया था।
इसके बाद उसकी शादी बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के पिपराघाट गांव निवासी वासुदेव दास के पुत्र राहुल कुमार दास के साथ मार्च माह में होना तय हुआ था। शादी के लिए उपहार के रूप में बाइक, जेवर व रुपये दिये थे।
इसके बाद उसके ससुराल वाले द्वारा लगातार पांच लाख रुपये दहेज के रूप में मांग करने लगे। इसका विरोध नेहा कुमारी द्वारा किया गया।इसके बाद उसे प्रताड़ित किया गया। इससे विवश होकर वह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शुक्रवार की दोपहर को उसकी मां सहित अन्य परिवार किसी काम को लेकर घर से बाहर थे। शाम को घर पहुंचे, तो देखा कि वह फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। हो हल्ला करने पर आसपास के लोग पहुंचे व उसे फंदे से उतारा। इसके बाद रात को घटना की सूचना थाना को दिया।
सूचना मिलते ही थाना से एएसआइ अमरेश कुमार जवान के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। घटना से पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।