
AWARD: मानव सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए बेरमो के विकास गुप्ता को मिला अंतरराष्ट्रीय नेल्सन मंडेला सम्मान।
बेरमो, झारखंड। राज्य के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया, जब बेरमो प्रखंड के निवासी और प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार गुप्ता को अंतरराष्ट्रीय संस्था Uniearth Humanity and Peace Foundation ने “Nelson Mandela Humanitarian Excellence Recognition” अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें मानवता की सेवा, सामाजिक परिवर्तन और शांति स्थापना में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए नेल्सन मंडेला अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर प्रदान किया गया।
वर्षों से समाज के जरूरतमंदों के साथ खड़े हैं विकास गुप्ता
विकास गुप्ता का सामाजिक कार्य किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वे वर्षों से झारखंड सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में जरूरतमंद लोगों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, डिज़िटल साक्षरता, आपदा राहत और बुजुर्गों की सहायता जैसे कई क्षेत्रों में उन्होंने उल्लेखनीय काम किया है।
विशेष रूप से कोरोना लॉकडाउन के समय उनकी सक्रियता समाज के लिए वरदान साबित हुई। उस कठिन समय में उन्होंने हजारों लोगों तक भोजन, दवा और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करवाई। इसके अलावा उन्होंने बच्चों की हार्ट सर्जरी, स्कूल फीस, मोबाइल फोन, साइकिल और बुजुर्गों को ट्राईसाइकल और पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर कई परिवारों की जिंदगी को राहत दी।
सम्मान हर उस व्यक्ति के नाम जो निःस्वार्थ सेवा में जुटे हैं
विकास गुप्ता ने सम्मान ग्रहण करने के बाद कहा कि यह पुरस्कार सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उन तमाम लोगों का है जो निस्वार्थ भावना से मानवता की सेवा में लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस सम्मान से उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है और वे आगे भी समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनकर काम करते रहेंगे।
उनकी इस उपलब्धि पर न सिर्फ बोकारो और बेरमो, बल्कि पूरे झारखंड में गर्व और उत्साह का माहौल है। सामाजिक कार्यों से जुड़े कई संगठनों और व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी है और उनके प्रयासों को प्रेरणास्रोत बताया है।
यह सम्मान झारखंड के युवाओं के लिए एक मिसाल है कि समर्पण, संवेदना और सेवा के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान बनाई जा सकती है।