
“कांग्रेस बन गई है पाकिस्तान की प्रवक्ता : सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा हमला”
देवघर/दिल्ली। गोड्डा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अब भारत की नहीं, बल्कि पाकिस्तान की प्रवक्ता बन चुकी है। सांसद दुबे का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी आजकल वही भाषा बोल रही है जो पाकिस्तान के नेता और आईएसआई के प्रवक्ता बोलते हैं।
डॉ. दुबे ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की सेना पर सवाल उठाकर देश के दुश्मनों का हौसला बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी देश में कोई बड़ी कूटनीतिक या सामरिक सफलता मिलती है, कांग्रेस उस पर सवाल उठाने लगती है। इससे यह साफ होता है कि कांग्रेस की सोच अब राष्ट्रहित से हटकर पाकिस्तान के हितों के अनुरूप हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह वही कांग्रेस है, जिसने वर्षों तक देश की सुरक्षा से समझौता किया, सेना को कमजोर किया और आतंकवादियों के खिलाफ नरमी दिखाई। आज जब देश मजबूत नेतृत्व में सुरक्षित है, तब कांग्रेस को यह अच्छा नहीं लग रहा।
सांसद निशिकांत दुबे ने जनता से अपील की है कि वह ऐसे दलों से सतर्क रहें जो देश की एकता और सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की राजनीति करती है और देशहित सर्वोपरि है।