देवघर। डाक विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय फिलाटेली प्रदर्शनी DEOPEX – 2025 का शुभारंभ शुक्रवार को उपायुक्त – सह – जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न दुर्लभ व ऐतिहासिक डाक टिकटों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि डाक टिकट केवल एक संग्रहणीय वस्तु नहीं हैं, बल्कि ये देश की कला, संस्कृति, इतिहास, विज्ञान एवं समकालीन घटनाओं का जीवंत दस्तावेज होते हैं। डाक टिकटों के संग्रह एवं अध्ययन को फिलाटेली कहा जाता है, जिसे शौकों का राजा भी माना जाता है। उन्होंने कहा कि फिलाटेली के माध्यम से किसी भी देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विकास को समझा जा सकता है।
विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य
उपायुक्त ने कहा कि फिलाटेली प्रदर्शनी DEOPEX – 2025 का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं, फिलाटेलिस्टों एवं आम नागरिकों के बीच डाक टिकट संग्रह के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में भी डाक टिकटों का महत्व बना हुआ है और यह ज्ञानवर्धन के साथ – साथ रचनात्मकता को भी बढ़ावा देता है।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें अनेक दुर्लभ, रोचक और ऐतिहासिक डाक टिकटों को देखने का अवसर प्राप्त हुआ है, जो देश-विदेश की महत्वपूर्ण घटनाओं, महापुरुषों और धरोहरों को दर्शाते हैं।
स्कूली बच्चों को किया गया पुरस्कृत
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र – छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए पेंटिंग, क्विज, पत्र लेखन सहित अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने बच्चों से डाक टिकट संग्रह को एक रचनात्मक शौक के रूप में अपनाने की अपील की और कहा कि इससे सामान्य ज्ञान, इतिहास और भूगोल जैसे विषयों में रुचि बढ़ती है।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर से जुड़ा स्पेशल कवर जारी
DEOPEX – 2025 फिलाटेली प्रदर्शनी के दौरान उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा के द्वारा बाबा बैद्यनाथ धाम से संबंधित विशेष डाक कवर (स्पेशल कवर) का अनावरण भी किया गया। इस विशेष कवर में विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम की महत्ता को दर्शाया गया है। यह कवर श्रद्धालुओं और फिलाटेली प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
देश-विदेश के दुर्लभ डाक टिकटों का आकर्षक प्रदर्शन
प्रदर्शनी में धनबाद, रांची और देवघर सहित विभिन्न स्थानों से आए अनुभवी फिलाटेलिस्टों द्वारा देश-विदेश के दुर्लभ, ऐतिहासिक और विषयगत डाक टिकटों का प्रदर्शन किया गया। इनमें स्वतंत्रता संग्राम, वैज्ञानिक उपलब्धियां, सांस्कृतिक धरोहर, खेल, वन्यजीव, महापुरुषों और धार्मिक स्थलों से जुड़े डाक टिकट शामिल रहे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर पोस्टल सुपरिटेंडेंट श्री एस.के. मिश्रा, प्रो. सुरेश भारद्वाज (अध्यक्ष, पंडा धर्मरक्षा महासभा), रजत मुखर्जी (फिलाटेलिस्ट), शांतनु आजाद, डाक अधीक्षक, गुमला प्रमंडल, एस.के. मिश्र, डाक अधीक्षक, देवघर प्रमंडल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार सहित डाक विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
अतिथियों ने भी फिलाटेली प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से डाक टिकट संग्रह की परंपरा को बढ़ावा मिलता है और नई पीढ़ी को इतिहास व संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
दो दिनों तक चलेगी प्रदर्शनी
डाक विभाग द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय फिलाटेली प्रदर्शनी आम लोगों के लिए खुली रहेगी, जहां विद्यार्थी, युवा और आम नागरिक डाक टिकटों के माध्यम से देश और दुनिया के इतिहास को नजदीक से जान सकेंगे। आयोजकों ने लोगों से इस प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

