
Deoghar : विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की जागरूकता रैली
देवघर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को देवघर स्थित टावर चौक से पुराने सदर अस्पताल परिसर से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में बड़ी संख्या में एएनएम प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
इस रैली का नेतृत्व स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर मनीष कुमार ने किया। रैली टावर चौक से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से गुजरती हुई बैद्यनाथधाम स्टेशन रोड होते हुए नगर भ्रमण कर पुनः सदर अस्पताल में समाप्त हुई। रास्ते में लोगों को प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए जागरूक किया गया।
डॉ. मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्लास्टिक मुक्त वातावरण” रखी गई है। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है कि आज मनुष्यों के रक्त में भी माइक्रोप्लास्टिक के कण पाए जा रहे हैं। ऐसे में प्लास्टिक के उपयोग को रोकना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
उन्होंने बताया कि प्लास्टिक प्रदूषण न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रहा है, बल्कि इससे जीव-जंतुओं और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छ, सुरक्षित तथा हरित पर्यावरण के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति रही।