
Deoghar: देवघर में स्वास्थ्यकर्मियों ने उठाई लंबित मांगों की आवाज, रोष प्रकट करते हुए लिए कई अहम प्रस्ताव।
देवघर। झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा देवघर की एक अहम बैठक संघ के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों ने सरकार द्वारा बार-बार मांग पत्र देने के बावजूद समस्याओं के निराकरण नहीं होने पर गहरा रोष प्रकट किया।
इस बैठक में अरुण प्रसाद यादव (जिला सचिव), अरुण कापरी (राज्य उपाध्यक्ष), संजीव कुमार मिश्रा (प्रमंडलीय सचिव) सहित कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। बैठक के दौरान निम्नलिखित महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी:
1. 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके जिला स्तरीय सभी कर्मचारियों को अविलंब MACP का लाभ प्रदान किया जाए।
2. 2211 शीर्ष में कार्यरत सभी कर्मचारियों का मार्च 2025 से लंबित वेतन जल्द से जल्द भुगतान किया जाए।
3. सिविल सर्जन, देवघर के पत्रांक 1690 दिनांक 21.05 के आलोक में लेखा कार्य हेतु केवल लेखा परीक्षा उत्तीर्ण लिपिकों को ही जिम्मेदारी सौंपी जाए और सभी लिपिकों को समान रूप से संचिकाओं का बंटवारा किया जाए।
4. जांच समिति द्वारा की गई दो जांचों से संबंधित जांच प्रतिवेदन सार्वजनिक किया जाए, क्योंकि यह संघ के पत्र और पदाधिकारियों से संबंधित है।
5. निदेशक प्रमुख के पत्रांक 1014 दिनांक 23.05.2025 के अनुसार सभी पदों पर नियमावली के अनुसार प्रोन्नति दी जाए।
6. बॉन्ड सेवा पर कार्यरत पारा मेडिकल कर्मियों का लंबित मानदेय (मार्च 2025 से) अविलंब भुगतान किया जाए और पूर्व में की गई कटौती की गई राशि वापस की जाए।
7. NHM के तहत कार्यरत पारा मेडिकल कर्मियों को पूरे जिले में समान वेतन दिया जाए। वर्तमान में विभिन्न प्रखंडों में वेतन में असमानता देखी जा रही है।
8. MPW कर्मियों का बकाया वेतन अविलंब भुगतान किया जाए।
9. स्थापना शाखा के सभी कर्मचारियों की सेवा पुष्ट विवरण जिला लेखा लिपिक से अद्यतन कराते हुए अंतिम वेतन प्रमाण पत्र समय पर भेजा जाए ताकि वेतन वृद्धि में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में अवधेश कुमार यादव, किरण कुमारी, ऊषा शर्मा, धर्मशिला कुमारी, सविता कुमारी, मोना कुमारी, कुमार अभिषेक, बीरेंद्र प्रसाद सिंह, सहित अन्य अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।