देवघर। जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक प्रक्रिया को जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याओं को सीधे उपायुक्त के समक्ष रखा। मौके पर जिला स्तरीय सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे, ताकि समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

एक-एक कर सुनी गईं लोगों की समस्याएं
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा ने उपस्थित सभी फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
भूमि, राजस्व, पेंशन व योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख
जनता दरबार में आए आवेदनों में मुख्य रूप से भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, बिजली बिल माफी, झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू-राजस्व, पेंशन और आवास से जुड़े मामले शामिल थे। कई मामलों में संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान किया गया।
कई मामलों का ऑन द स्पॉट निराकरण
जनता दरबार के दौरान झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से संबंधित कई मामलों का तत्काल निराकरण किया गया, जिससे लाभार्थियों में संतोष देखा गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
पेयजल समस्या पर नगर आयुक्त को निर्देश
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत पेयजलापूर्ति से संबंधित आवेदनों को संज्ञान में लेते हुए उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि पेयजल संकट से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति नागरिकों का मूल अधिकार है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देवीपुर अंचल के मामलों पर विशेष निर्देश
देवीपुर अंचल से जुड़े भूमि पर्चा एवं राजस्व मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अंचलाधिकारी देवीपुर को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही अपर समाहर्ता के माध्यम से जिले के सभी अंचलाधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि राजस्व एवं भूमि से संबंधित मामलों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें।
एक सप्ताह में प्रतिपुष्टि देने का आदेश
जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन शिकायत के रूप में प्राप्त हुए। इन सभी मामलों में उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि भौतिक जांच कराते हुए जल्द से जल्द समाधान करें। साथ ही उन्होंने आदेश दिया कि सभी अधिकारी एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जा सके।
जनता दरबार का नियमित आयोजन
उपायुक्त ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रति सप्ताह मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से 11:30 बजे तक समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
प्रशासनिक पारदर्शिता की मिसाल
जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान है। इस पहल से न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि आम लोगों में भी विश्वास मजबूत हुआ है।
अधिकारी एवं कर्मी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री हीरा कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, डीएमएफटी की टीम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
