By: Vikash Kumar (Vicky)
देवघर नगर निगम चुनाव को लेकर शहर का सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जनता के बीच जाकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में मेयर प्रत्याशी रवि कुमार केशरी ने शहर के विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों और दुकानदारों से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हमेशा छोटे-बड़े व्यापारियों की आवाज बनकर उनके हितों की रक्षा करेंगे।

रवि कुमार केशरी ने गणेश मार्केट, लक्ष्मी मार्केट, मोदी पट्टी, अंबेडकर गली तथा बजरंगी चौक सहित कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, वेंडरों, प्रसादी विक्रेताओं तथा फल व्यवसायियों से मुलाकात कर उनसे नगर निगम चुनाव में कॉफी कप छाप पर मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा कई जगहों पर लोगों ने उन्हें समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया।
रवि केशरी ने कहा कि शहर के व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन उनकी आवाज प्रशासन तक सही तरीके से नहीं पहुंच पाती है। उन्होंने कहा कि अगर जनता उन्हें मेयर के रूप में सेवा करने का अवसर देती है तो वे व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदारों और व्यवसायियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

उन्होंने बताया कि पूर्व में कई व्यापारियों और दुकानदारों पर हुए हमलों के दौरान वे हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और आगे भी उनकी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि झारसुगुड़ी में व्यवसायी के घर पर हुई फायरिंग, कान्हा टोला में कपड़ा दुकानदार पर हमला तथा बेलाबगान में किराना दुकानदार पर हमला जैसी घटनाओं के बाद उन्होंने सबसे पहले आवाज उठाई थी और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी मार्केट और गणेश मार्केट में ग्राहकों और दुकानदारों पर हुए हमलों के बाद भी उन्होंने व्यापारियों के हित में आवाज उठाई थी।

रवि केशरी ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में पुलिस टीओपी (टाउन आउट पोस्ट) खोलने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि सब्जी मार्केट, मीना बाजार तथा अन्य भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस चौकी खोलने से व्यापारियों और ग्राहकों को सुरक्षा मिलेगी और अपराध पर नियंत्रण लगाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जसिडीह बाजार, रोहिणी और निगम क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी व्यापारियों के हित में विशेष कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने शहर की मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर दिया। रवि केशरी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों और गांवों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए विशेष योजना तैयार की जाएगी ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच सके। उन्होंने यह भी कहा कि बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और प्रतिदिन कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

रवि केशरी ने कहा कि शहर के धार्मिक और पर्यटन स्थलों के आसपास भी साफ-सफाई और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम स्तर पर विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने रवि केशरी का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें समर्थन देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उनके साथ अशोक सर्राफ, पंकज मोदी, जय किशन केशरी, पवन केशरी, राजू केशरी, प्रमोद केशरी, राकेश जायसवाल, मणिकांत केशरी, अंकुर केशरी, साहिल केशरी सहित कई समर्थक मौजूद थे।

रवि केशरी ने कहा कि नगर निगम का विकास तभी संभव है जब व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा मिले। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे शहर के विकास और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मतदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का सहयोग और समर्थन उन्हें जरूर मिलेगा।
नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में लगातार राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। ऐसे में प्रत्याशियों द्वारा किए जा रहे जनसंपर्क अभियान चुनावी माहौल को और अधिक गर्म बना रहे हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस प्रत्याशी पर अपना भरोसा जताती है।

