
Deoghar: विश्व पर्यावरण दिवस पर देवघर में पौधारोपण अभियान, एक हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य : डॉ. राजीव रंजन।
देवघर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नरेंद्र मोदी विकास मिशन, झारखंड कुर्मी महासभा और देवघर डेंटल क्लिनिक की ओर से संयुक्त रूप से पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध दंत चिकित्सक व भाजपा नेता डॉ. राजीव रंजन ने किया।
पौधारोपण अभियान के तहत बिहार के जमुई जिले के माधोपुर और देवघर के तपोवन क्षेत्र में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधे लगाए गए। इस अवसर पर कुल 30 पेड़ लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस वर्ष एक हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि पिछले वर्ष 1400 पेड़ लगाए गए थे।
डॉ. राजीव रंजन ने कहा, “हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। प्रकृति के बिना मानव जीवन संभव नहीं है। हमें नदियों, जंगलों, झीलों और पहाड़ों के महत्व को समझना होगा।”
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1972 में विश्व पर्यावरण सम्मेलन में इस दिवस को मनाने का निर्णय लिया था, और 5 जून 1974 को पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया।
इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” है, जिसके अंतर्गत एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
डॉ. रंजन ने कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और बढ़ते प्रदूषण के कारण पर्यावरण गंभीर संकट में है। ग्लोबल वार्मिंग, प्रदूषित हवा और बीमारियों की बढ़ती घटनाओं से स्पष्ट है कि प्रकृति के बिना मानव समाज की कल्पना अधूरी है।
उन्होंने कहा, “प्लास्टिक प्रदूषण जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता की हानि और प्रदूषण जैसे तीन बड़े खतरों को बढ़ावा देता है। हर साल करीब 11 मिलियन टन प्लास्टिक कचरा जल पारिस्थितिकी को प्रभावित करता है।”
कार्यक्रम में डॉ. राजीव रंजन के अलावा उदय कुमार यादव, प्रेमरंजन, मिथिलेश सिन्हा, कृष कुमार, प्रीतेश कुमार, संगठन पासवान, गौतम यादव, गोपी समेत अन्य टीम सदस्य भी उपस्थित थे।