
देवघर: भाजपा के षड्यंत्रकारी राजनीति से जनता वाकिफ, आने वाले चुनावों में भाजपा का मंसूबा होगा नाकाम : सूरज झा
देवघर। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रिहाई के लिए पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार झामुमो जिला संयुक्त सचिव सूरज झा की अगुवाई में पंडित शिवराम झा चौक स्थित झामुमो शहरी हेल्प डेस्क से न्याय यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष संजय शर्मा व केंद्रीय समिति सदस्य सुरेश शाह शामिल हुए। न्याय यात्रा की शुरुआत संथाल परगना के महामना पंडित शिवराम झा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। शिवराम झा चौक से न्याय यात्रा मानसरोवर, शिवगंगा, लक्ष्मीपुर चौक, शिक्षा सभा चौक, बड़ा बाजार, आजाद चौक, टावर चौक, बड़ी मस्जिद, कोर्ट रोड होते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पर संपन्न हुई। यात्रा के क्रम में टावर चौक स्थित अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। वहीं समापन के वक्त वीर कुंवर सिंह को नमन किया गया। मौके पर जिला संयुक्त सचिव सूरज झा ने कहा कि न्याय यात्रा का आज 28वां दिन है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर हमलोग लगातार अपने नेता के लिए षड्यंत्रकारी सजा के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा ईडी व अन्य केंद्रीय एजेंसियों का सहारा लेकर राज्य में अपना राज कायम करना चाहती है। झारखंड ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है। जनता सब समझती है और इस पूरे प्रकरण पर गंभीरता से नजर रखे हुए हैं। भाजपा के शरण में नहीं जाना का यह परिणाम है। लेकिन षड्यंत्र बेनकाब हो रहा है और इसका माकूल जवाब जनता आने वाले चुनाव में लेगी। पूरे झारखंड की जनता अपने रहनुमा हेमंत सोरेन की अकारण गिरफ्तारी की वजह से आक्रोशित है। इस दौरान जिला अध्यक्ष संजय शर्मा सरोज सिंह, मनोज दास, महेंद्र यादव, अंग्रेज दास, रौनक शांडिल्य, मुन्ना सिंह, दिनेश्वर किस्कू, रौशन सिंह, विजय दास, बैजू दास समेत सैकड़ों कार्यकर्ता झंडा व मांदर के साथ मौजूद थे।