
Deoghar: सब रजिस्ट्रार मनोज कुमार का आकस्मिक निधन, प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर
देवघर। जिला प्रशासनिक महकमे से एक दुखद खबर सामने आई है। देवघर के सब रजिस्ट्रार मनोज कुमार का शनिवार को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद निधन हो गया। उन्हें आनन-फानन में देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रभात रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि मनोज कुमार को उनके चालक द्वारा एक निजी वाहन से अस्पताल लाया गया था। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और तुरंत चिकित्सीय जांच शुरू की गई। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उनकी मृत्यु हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) के कारण हुई।
फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अचानक हुई इस घटना से पूरे जिला प्रशासनिक तंत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मी, अधिकारीगण और कर्मचारी वर्ग मनोज कुमार की सरलता और कर्मनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
बता दें कि मनोज कुमार अपने व्यवहार और कार्यशैली के लिए प्रशासनिक महकमे में विशेष रूप से सम्मानित माने जाते थे। उनका यूं अचानक चले जाना सभी के लिए गहरी क्षति है।