
Deoghar: झारखंड की जनता को लूट रही है वर्तमान राज्य सरकार : राज पलिवार।
भाजपा का प्रखंड कार्यालय घेराव, सरकार के खिलाफ जोरदार आक्रोश प्रदर्शन
देवघर। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने स्थानीय प्रखंड कार्यालय के निकट जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राज पलिवार ने कहा कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और लूट का बोलबाला है।
राज पलिवार ने कहा कि “झारखंड में विधानसभा चुनाव हुए अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। महागठबंधन के नेताओं ने झूठे वादों और दिखावे के बल पर सत्ता में तो आ गए, लेकिन आज सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। “प्रखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक घूसखोरी और लूट मची हुई है। कोई भी विभाग ऐसा नहीं बचा है जहाँ जनता को नहीं लूटा जा रहा हो। अधिकारी खुलेआम जनता से वसूली कर रहे हैं और अपने आकाओं की जेबें भरने में लगे हैं।”
राज पलिवार ने संथाल परगना क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “संथाल परगना की नदियों से बालू और पहाड़ों से पत्थर की लूट मची है। मैं हेमंत सोरेन से पूछना चाहता हूं कि कहा गया संथाल की नदियों का बालू? कहाँ गया वहां का पत्थर?”
इस प्रदर्शन में भाजपा नेता चंद्रशेखर खबाड़े, नवल किशोर राय, बबलू पासवान, सभी मंडल अध्यक्ष सहित दर्जनों कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार को जमकर घेरा और चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी, तो भाजपा सड़कों पर और बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।