
Deoghar: राजधानी रांची के बिरसा मुंडा जैविक उद्यान में शेरनी प्रियंका की हुई मौत, पढ़े मौत की वजह।
रांची। रांची के ओरमांझी में स्थित बिरसामुंडा उद्यान में एक बड़ी घटना सामने आई है इस चिड़ियाघर में शेरनी प्रियंका की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हाईब्रिड मादा शेरनी प्रियंका की बुधवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गयी थी। इसके बाद प्रियंका को तुरंत इलाज के लिए उद्यान के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ओमप्रकाश साहु के पास ले जाया गया। पशु चिकित्सक ने शेरनी प्रियंका का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा। लेकिन जांच के दौरान ही उसकी मौत हो गयी। गुरुवार को प्रियंका का पोस्टमॉर्टम किया गया।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार प्रियंका की मौत की वजह बच्चेदानी में संक्रमण रही। विस्तृत जांच के लिए उसके अंगों के नमूने भेजे गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हाइब्रिड नस्ल के शेरों की रोग प्रतिरोधक क्षमता सामान्य से कम होती है, जिससे संक्रमण घातक हो जाता है
जू प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मृत शेरनी के अन्य महत्वपूर्ण अंगों का सैंपल लेकर गहन जांच के लिए वेटरनरी कॉलेज भेजा गया है।
डॉक्टर एमके गुप्ता के अनुसार हाइब्रिड किस्म के वन्य जीवों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है और उनमें संक्रमण का खतरा बना रहता है। शेर-शेरनी का औसत जीवनकाल 15 से 18 वर्षों का होता है।
प्रियंका की मौत के साथ ही जू में अब कोई भी शेरनी नहीं बची है। पिछले वर्ष शेरनी जया की किडनी रोग से मौत हो चुकी थी। अब सिर्फ शेर शशांक ही बचा है, जिसकी दहाड़ ही अब जू की शेरों वाली पहचान बनाए रखेगी। जू प्रबंधन ने बताया कि जल्द ही नई शेरनी लाने की तैयारी की जा रही है ताकि शेर शशांक को जोड़ीदार मिल सके और पर्यटकों को दोबारा शेर-शेरनी की जोड़ी देखने का मौका मिले।
