
Deoghar: जामुन तोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, एक महिला घायल, अस्पताल में भर्ती
देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मल्हारा अठ मोरिया गांव में जामुन तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में एक महिला, जगती देवी, गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद घायल अवस्था में जगती देवी को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती कर लिया है।
घटना को लेकर घायल महिला जगती देवी ने बताया कि जामुन के पेड़ से जामुन तोड़ने को लेकर पाटीदार पक्ष से कहासुनी हो गई। इसी दौरान पाटीदार पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया।
घटना के बाद गांव के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, इस घटना की सूचना मोहनपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।