
देवघर। कुंडा थाना क्षेत्र के बाजार समिति में शुक्रवार को कचरा बीन रही एक महिला हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद महिला को तुरंत देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार कर उसे वार्ड में भर्ती कर लिया गया है।
घायल महिला की पहचान जसीडीह थाना क्षेत्र के बसुवाडीह गांव निवासी रुडो देवी के रूप में हुई है। रुडो देवी ने बताया कि वह रोज की तरह बाजार समिति में कचरा बीनने का काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई और करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
देवघर सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन इलाज जारी है। इस घटना से स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोश है।
स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की जा रही है कि बाजार समिति जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।