By: Vikash Kumar ( Vicky)
देवघर। जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को आम जनता से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार मंगलवार को सूचना भवन, देवघर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार की अध्यक्षता अपर समाहर्ता श्री हीरा कुमार ने की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। जनता दरबार में देवघर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं अपर समाहर्ता के समक्ष रखीं। जनता दरबार के दौरान भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति, बिजली बिल माफी, झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू-राजस्व से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभागीय शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
अपर समाहर्ता श्री हीरा कुमार ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दरबार के दौरान कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जिससे आम लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष देखने को मिला।

अपर समाहर्ता ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिकों की समस्याएं कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचे और उनका समाधान समयबद्ध तरीके से हो। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि जनता से जुड़ी शिकायतों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनता दरबार में प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों को लेकर अपर समाहर्ता श्री हीरा कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक आवेदन की भौतिक जांच करें और नियमों के अनुरूप उसका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के भीतर शिकायतों पर की गई कार्रवाई की प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन की प्रभावी निगरानी की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अपर समाहर्ता ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने भी जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सराहना की। कई फरियादियों ने कहा कि उन्हें पहली बार अपनी बात सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला है और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है। इससे उन्हें शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर जिला प्रभारी पदाधिकारी, जन शिकायत कोषांग श्री ओम प्रियदर्शी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर तत्परता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
गौरतलब है कि देवघर जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल लंबित मामलों का निष्पादन हो रहा है, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता भी बढ़ रही है। जिला प्रशासन का यह कदम सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
