By: Vikash Kumar ( Vicky )
देवघर। नववर्ष 2026 के अवसर पर देवघर में उमड़ने वाली भारी भीड़ और संभावित यातायात जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात प्रबंधन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर रवि कुमार ने जानकारी दी कि 31 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक देवघर शहर क्षेत्र में बाहरी भारी वाहनों के आवागमन पर आंशिक रोक लगाई जाएगी और कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि नववर्ष के दौरान देवघर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की यातायात समस्या का सामना न करना पड़े। खासकर बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर और शिवगंगा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए मंदिर क्षेत्र के आसपास नो एंट्री जोन बनाए जाएंगे।
डायवर्जन लागू रहने की अवधि
प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार यह यातायात व्यवस्था
दिनांक 31.12.2025 से 02.01.2026 तक प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 01:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
देवघर शहर में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, भागलपुर, चकाई, जमुई, सारठ और सुलतानगंज की ओर से आने वाली सभी भारी वाहन जैसे बस, ट्रक, ट्रैक्टर एवं अन्य मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
दुमका एवं गोड्डा की ओर से आने वाले भारी वाहन हिण्डोलावरण से बाएं मुड़कर तपोवन, चरकी पहाड़ी, उजाला चौक, पुराना कुंडा मोड़ एवं कोरियासा चौक होते हुए गिरिडीह की ओर जाएंगे।
गिरिडीह की ओर से आने वाले भारी वाहन कोरियासा से दाएं मुड़कर पुराना कुंडा थाना मोड़, उजाला चौक, चरकी पहाड़ी, तपोवन एवं हिण्डोलावरण होते हुए दुमका की ओर प्रस्थान करेंगे।
रोहिणी और देवीपुर की ओर से आने वाले वाहन रोहिणी शहीद द्वार मोड़ से जसीडीह की ओर जाएंगे।
चकाई और जमुई की ओर से आने वाले भारी वाहन ताभाघाट मोड़ से बाएं मुड़कर मोहनपुर-दुमका मार्ग की ओर जाएंगे।
भागलपुर और गोड्डा की ओर से मोहनपुर बाजार पहुंचने वाले वाहन रिखिया होते हुए दर्दमारा बॉर्डर से चकाई-जमुई की ओर भेजे जाएंगे।
सारठ एवं सारवां की ओर से आने वाले भारी वाहन पुराना कुंडा थाना मोड़ से दाएं मुड़कर उजाला चौक, तपोवन और हिण्डोलावरण की ओर जाएंगे।
सुलतानगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन कोठिया मोड़ से बाएं मुड़कर रिखिया आश्रम होते हुए मोहनपुर बाजार की ओर जाएंगे।
मंदिर क्षेत्र में नो एंट्री
नववर्ष के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर, शिवगंगा और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सख्त निर्णय लिया है।
31 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक मंदिर क्षेत्र में सभी प्रकार के छोटे-बड़े चार पहिया वाहन, टोटो और टेंपो का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
नो एंट्री लागू किए गए प्रमुख मार्गों में शामिल हैं:
पटेल चौक से मंदिर मार्ग
जलसार से मंदिर मार्ग
सब्जी मंडी से मंदिर मार्ग
भारती होटल से मंदिर/मानसिंघी मार्ग
जोरा तालाब से मंदिर मार्ग
शिवराम झा चौक से मानसिंघी मार्ग
मानसिंघी से मंदिर मार्ग
सम्राट होटल, हिंदी विद्यापीठ, सीता होटल, मिलन पैलेस, लक्ष्मीपुर चौक, आजाद चौक, धोबिया गली, ड्रोलिया गली एवं डोमासी गली से मंदिर जाने वाले सभी रास्ते
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम जनता, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट चार्ट और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए निजी वाहनों का प्रयोग सीमित रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सहयोग करें।
सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद
नववर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस, जिला प्रशासन एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेंगे और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी
