
देवघर। राष्ट्रीय संगठन राम भक्त सेवा दल की एक महत्वपूर्ण बैठक देवघर जिला अध्यक्ष अरूप चक्रवर्ती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि सागर चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रीतम सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।
बैठक में मुख्य रूप से संगठन की मजबूती और जिला स्तर पर इसके विस्तार को लेकर रणनीति बनाई गई। राष्ट्रीय प्रतिनिधि सागर चौधरी ने कहा कि देवघर जिला में राम भक्त सेवा दल का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए हर वार्ड और प्रखंड तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं, समाजसेवियों और राम भक्तों को संगठन से जोड़ा जा सके।
संगठन के विस्तार पर दिया गया जोर
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि संगठन को गांव-गांव और प्रखंड स्तर तक पहुंचाना जरूरी है, जिससे समाज में एकजुटता और राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाया जा सके। इस मौके पर देवघर जिला अध्यक्ष अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के हर वार्ड से राम भक्त सेवा दल के सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। साथ ही, प्रखंड स्तर पर भी संगठन का ढांचा खड़ा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह संगठन न सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देगा, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा। स्वास्थ्य शिविर, गरीबों की मदद, शिक्षा में सहयोग और युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करना संगठन की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
बैठक में मौजूद रहे कई गणमान्य
इस अवसर पर संगठन के सलाहकार ब्रोजो दुलाल चक्रवर्ती, मनोज दास, राजू रवानी, भोला रवानी, अक्षयवट चौधरी, निरंजन सिंह, उज्ज्वल मिश्रा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रीतम सिंह यादव ने कहा कि राम भक्त सेवा दल का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र और धर्म के प्रति जागरूक करना है। संगठन यह सुनिश्चित करेगा कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता बनी रहे।
देवघर से होगा भव्य विस्तार की शुरुआत
बैठक के दौरान यह निर्णय भी लिया गया कि देवघर जिला से संगठन विस्तार की शुरुआत की जाएगी और आने वाले समय में पूरे झारखंड में इसका मजबूत नेटवर्क खड़ा किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राम भक्त सेवा दल हर हाल में समाज और देश की सेवा में योगदान देता रहेगा।
सभी सदस्यों ने बैठक के दौरान संकल्प लिया कि संगठन के विस्तार अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे और हर वार्ड, पंचायत और प्रखंड तक राम भक्त सेवा दल का झंडा फहराएंगे।