
गिरिडीह।सड़क हादसे में तीन की मौत, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल।
तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, मौके पर ही तीन की गई जान।
गिरिडीह। देवघर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मधवा टोल टैक्स के समीप बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्विफ्ट डिजायर कार को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में लिलो तुरी, छोटू तुरी और राजन तुरी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छोटू तुरी और राजन तुरी पिता-पुत्र हैं। दो गंभीर रूप से घायल महिलाओं को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग नवडीहा ओपी क्षेत्र के जंगरीडीह से बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर में लिलो तुरी के भतीजी के घर अषाढ़ी पूजा का प्रसाद खाने गए थे। रात में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे स्विफ्ट डिजायर कार से वापस लौट रहे थे, तभी मधवा टोल टैक्स के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।