
Hazaribagh: हजारीबाग में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां निशा कुमारी नामक नवविवाहिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने इस मामले को दहेज हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ कटकमदाग थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की बहन संतोषी कुमारी, जो पूर्वी सिंहभूम जिला के परसूडीह थाना क्षेत्र स्थित बारीगोड़ा, गंगा मंडप की निवासी हैं, ने कटकमदाग पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसकी बहन निशा की शादी 11 मार्च 2024 को शुभम जैन के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद से ससुराल वालों ने पांच लाख रुपये की दहेज की मांग करना शुरू कर दिया था। इस बारे में निशा ने कई बार अपने मायके वालों को बताया था कि वह मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित की जा रही है।
घटना की गंभीरता को दर्शाते हुए संतोषी कुमारी ने बताया कि 26 मई की दोपहर लगभग 3:30 बजे निशा ने उसे मोबाइल पर फोन कर यह जानकारी दी थी कि उसके पति और ससुराल वाले उसे सुबह से लात-घूंसों से पीट रहे हैं। निशा ने यह भी कहा था कि वह गर्भवती है और इस तरह की पिटाई से उसके पेट में पल रहे बच्चे की जान को भी खतरा है। इसी दौरान फोन कट गया और दोबारा संपर्क नहीं हो पाया।
इसके लगभग एक घंटे बाद, शाम 4:30 बजे, निशा के पति शुभम जैन का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि निशा ने आत्महत्या कर ली है। यह सूचना मिलते ही संतोषी कुमारी और उसके परिवार में कोहराम मच गया।
हालांकि, मृतका की बहन का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि निशा को बेरहमी से पीटने के बाद दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या की गई है और बाद में पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
प्राथमिकी में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनमें निशा के पति शुभम जैन, ससुर नरेंद्र जैन, सास संगीता जैन, देवर सुजल जैन और ननद यशी जैन शामिल हैं। कटकमदाग पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
यह घटना झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा और दहेज प्रथा के खिलाफ कानून के प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करती है। मृतका के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और स्थानीय प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।