
सुबह उठकर दांत साफ करना अच्छी आदत और स्वास्थ्य की बुनियाद माना जाता है, लेकिन कई बार कुछ लोगों को ब्रश करते समय अचानक मतली या उल्टी जैसी समस्या का सामना करना पड़ता है। आमतौर पर लोग इसे हल्के में ले लेते हैं और सोचते हैं कि यह सामान्य बात है, लेकिन बार-बार ऐसा होना किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या की ओर इशारा कर सकता है। अगर ब्रश करते समय आपको उल्टी आने लगे तो सतर्क होने की जरूरत है और समय रहते डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
कभी-कभी यह समस्या एसिडिटी या अपच की वजह से हो सकती है। जब खाना ठीक से नहीं पच पाता तो पेट में बाइल जूस बनने लगता है और एसिड रिफ्लक्स की स्थिति पैदा होती है। ऐसे में सुबह के समय ब्रश करते समय व्यक्ति को उल्टी या मतली जैसा अनुभव हो सकता है। यह स्थिति सामान्य होने पर कुछ समय बाद ठीक हो जाती है, लेकिन अगर यह बार-बार हो रही है तो यह शरीर के अंदर छिपी गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार
,ब्रश करते समय उल्टी या मतली का सबसे बड़ा कारण गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज (GERD) हो सकता है। इसमें पेट का एसिड भोजन नली तक पहुंचने लगता है जिससे व्यक्ति को जलन, खट्टी डकारें और मतली महसूस होती है। इसी तरह पेट के अल्सर वाले लोगों को भी ब्रश करते समय उल्टी आ सकती है क्योंकि उनका पेट संवेदनशील हो जाता है और थोड़ी-सी उत्तेजना से एसिड का स्तर बढ़ जाता है।
इसके अलावा लिवर से जुड़ी समस्याएं, पित्त का बढ़ना, या बार-बार अपच होना भी इसके कारण हो सकते हैं। यह सारी स्थितियां पाचन तंत्र को प्रभावित करती हैं और जब पेट पूरी तरह खाली होता है तो ब्रश करते समय उल्टी की संभावना और बढ़ जाती है।
कई बार यह समस्या दांतों और मुंह की सफाई से जुड़ी संवेदनशीलता की वजह से भी हो सकती है। ब्रश करते समय गले तक ब्रश पहुंचाने पर गले की मांसपेशियों में रिफ्लेक्स हो जाता है, जिससे कुछ लोगों को उल्टी जैसा अनुभव होता है। हालांकि, अगर यह समस्या रोजाना हो रही है तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अगर आपको लगातार यह समस्या हो रही है तो आप तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। उचित जांच के बाद ही सही कारण का पता लगाया जा सकता है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार खानपान में सुधार, सही समय पर भोजन करना, अत्यधिक मसालेदार या तैलीय भोजन से परहेज और जरूरत पड़ने पर दवा का सेवन इस समस्या को नियंत्रित करने में मदद कर सकता
इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य जानकारियों और स्वास्थ्य से जुड़ी रिपोर्ट्स पर आधारित है। यह किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सलाह नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए आप अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें।