By: Vikash Kumar (Vicky)
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना (PMJAY) देश के करोड़ों गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाती है। वहीं दिल्ली में यह सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये तक कर दी गई है।

हालांकि, बड़ी संख्या में लोग ऐसे भी हैं जिनका आयुष्मान कार्ड आवेदन रिजेक्ट हो जाता है या फिर इलाज के समय क्लेम अस्वीकार कर दिया जाता है। हैरानी की बात यह है कि इसकी वजह कोई बड़ी गलती नहीं, बल्कि कुछ छोटी-छोटी चूक होती हैं, जिन पर लोग ध्यान नहीं देते।
अगर आपने भी PMJAY Beneficiary Portal पर पात्रता जांचने के बावजूद अब तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाया है, तो संभव है कि आप भी इन्हीं गलतियों को दोहरा रहे हों।

पहले जान लें: आयुष्मान कार्ड के लिए पात्रता क्या है
आयुष्मान भारत योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलता है, जो SECC 2011 डेटा के आधार पर पात्र माने जाते हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए पात्रता मानदंड अलग-अलग हैं। योजना का उद्देश्य गरीब, वंचित और कमजोर वर्ग को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
यह योजना पश्चिम बंगाल को छोड़कर पूरे देश में लागू है और आयुष्मान कार्ड धारक सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ पैनल में शामिल प्राइवेट अस्पतालों में भी इलाज करा सकते हैं। इसके अंतर्गत 1300 से अधिक बीमारियों और सर्जरी का इलाज शामिल है।

आयुष्मान कार्ड रिजेक्ट होने की 5 बड़ी वजहें
1. आधार कार्ड की जानकारी में गड़बड़ी
आयुष्मान कार्ड बनवाते समय अगर आपके आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि या जेंडर की जानकारी गलत है, तो आवेदन खारिज हो सकता है। आधार से जुड़ी जानकारी बिल्कुल सही और अपडेट होनी चाहिए।
2. परिवार के सदस्य का नाम SECC लिस्ट में न होना
कई बार परिवार का कोई सदस्य SECC 2011 की सूची में दर्ज नहीं होता। ऐसी स्थिति में उस सदस्य का आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाता और इलाज के समय क्लेम भी रिजेक्ट हो सकता है।
3. गलत दस्तावेज अपलोड करना
आवेदन के दौरान अगर पहचान पत्र, निवास प्रमाण या अन्य जरूरी दस्तावेज साफ और सही तरीके से अपलोड नहीं किए गए हैं, तो आवेदन रद्द किया जा सकता है।

4. मोबाइल नंबर आधार से लिंक न होना
आयुष्मान कार्ड से जुड़े वेरिफिकेशन के लिए मोबाइल नंबर का आधार से लिंक होना जरूरी है। OTP वेरिफिकेशन फेल होने पर आवेदन अधूरा रह जाता है।
5. गैर-पैनल अस्पताल में इलाज कराना
अगर आप आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद ऐसे अस्पताल में इलाज कराते हैं, जो PMJAY के पैनल में शामिल नहीं है, तो आपका क्लेम स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इलाज से पहले इन बातों का रखें ध्यान
इलाज शुरू कराने से पहले अस्पताल में आयुष्मान डेस्क पर कार्ड की जांच जरूर कराएं। साथ ही, यह सुनिश्चित कर लें कि बीमारी या इलाज योजना के अंतर्गत कवर है या नहीं। किसी भी तरह की जानकारी छुपाने या गलत विवरण देने पर क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।

कैसे बचें क्लेम रिजेक्शन से
आधार और अन्य दस्तावेज अपडेट रखें, परिवार की पात्रता की पुष्टि करें, केवल पैनल अस्पताल में ही इलाज कराएं और इलाज से पहले अस्पताल प्रशासन से पूरी जानकारी जरूर लें।
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। योजना से जुड़ी शर्तें समय-समय पर बदल सकती हैं। सटीक और अपडेट जानकारी के लिए आधिकारिक PMJAY पोर्टल या संबंधित सरकारी विभाग की वेबसाइट अवश्य देखें।

