
Jamui: नशे में धुत नंदोसी ने की हैवानियत,महिला को पटका, पति को घसीटते हुए ले गया।
जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र के पूर्वी कोल्हुआ गांव से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता पूनम देवी ने अपने नंदोसी घनश्याम साह सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना 12 जून की शाम की है जब पूनम देवी अपने पति के साथ खेत से मूंग तोड़कर लौट रही थीं। तभी रास्ते में नशे में धुत घनश्याम साह ने पहले पूनम के पति पर हमला कर दिया और उन्हें लगभग 100 फीट तक घसीटते हुए घर के अंदर ले गया। घर पहुंचने के बाद पूनम की ननद सविता देवी और ममता देवी, साथ ही सास जनकवा देवी ने मिलकर उसके पति की बेरहमी से पिटाई की।
पति को बचाने आई पूनम देवी को भी नहीं बख्शा गया। आरोपी घनश्याम ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और उनके साथ अश्लील हरकतें कीं। इसी दौरान पीड़िता की नाइटी फट गई। पूनम ने जब अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो घनश्याम ने फोन छीनकर तोड़ दिया और उनके गले की चेन व नाक की नथिया भी छीन ली।
पूनम देवी ने बताया कि आरोपी घनश्याम साह जमुई जिले के शाहपुर गांव का निवासी है, लेकिन पिछले कुछ समय से अपने ससुराल कोल्हुआ में ही रह रहा है। पीड़िता ने यह भी खुलासा किया कि 2022 में घनश्याम ने उसके मानसिक रूप से बीमार ससुर को धोखे में रखकर एक बीघा जमीन अपने नाम लिखवा ली थी, जिसकी जानकारी परिवार को 2024 में हुई।
इस गंभीर घटना की जानकारी पीड़िता ने 12 जून की रात गिद्धौर थाना को दी। 13 जून को उसने थाने में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वह DSP से मिलने की बात कहकर लौट गई। देर रात पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद सच्चाई सामने आने की उम्मीद, पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि क्या पीड़िता को न्याय मिल पाता है या फिर यह मामला भी कागजों में दबकर रह जाएगा।