
देवघर। आज झामुमो पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता एवं राज्य समन्वय समिति के सदस्य विनोद कुमार पाण्डेय के देवघर आगमन पर जनकपुर मोड़, रोहिणी में हजारों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
संध्या 4 बजे महासचिव पाण्डेय ने देवघर जिला के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक सह संवाद कार्यक्रम किया। इस बैठक में उन्होंने संगठन विस्तार पर विशेष बल देते हुए कहा कि पार्टी को पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत और वार्ड में कम से कम 500 कार्यकर्ताओं को तैयार किया जाए, ताकि पूरे देवघर जिले में सवा लाख से अधिक पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी सक्रिय रूप से संगठन को सशक्त बना सकें।
नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारी तेज करने का निर्देश
महासचिव पाण्डेय ने कहा कि आसन्न नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारी करें। नगर और महानगर की सभी समितियों को मजबूत व दुरुस्त किया जाए। अधिक से अधिक जनसंपर्क अभियान, बैठकों और कार्यक्रमों का आयोजन कर संगठन की सक्रियता को और बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में महासचिव ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए संगठन को जिम्मेदारीपूर्वक काम करना होगा और हर गांव-वार्ड तक योजनाओं की जानकारी पहुंचानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह भी निर्देश दिया कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
अनुशासन और जवाबदेही पर सख्त रुख
विनोद पाण्डेय ने संगठन के भीतर अनुशासन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन से जुड़े हर कार्यकर्ता को केन्द्रीय निर्देशों का पालन करना चाहिए और जिला स्तर पर चल रहे कार्यक्रमों को सफल बनाना चाहिए।
सरकारी पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने की अपील
महासचिव ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि कार्यकर्ता सरकारी पदाधिकारियों और कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी नजर रखें। यदि कोई पदाधिकारी आम जनता के काम में लापरवाही बरतता है या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसकी जानकारी और प्रतिवेदन केंद्रीय कार्यालय को भेजा जाए। संगठन का दायित्व है कि वह जनता की आवाज बने और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराए।
देवघर संगठन की मजबूती पर जताई संतुष्टि
विनोद पाण्डेय ने देवघर जिले में संगठन की मजबूती और सक्रियता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां के कार्यकर्ता लगातार मेहनत कर रहे हैं और उनके प्रयास से झामुमो का संगठन और भी मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि देवघर जिला संगठन की ऊर्जा और समर्पण का सकारात्मक परिणाम जल्द ही पूरे राज्य में दिखाई देगा।
कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार
विनोद पाण्डेय के देवघर आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार हुआ है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलेगी और आने वाले नगर निकाय चुनावों में पार्टी शानदार प्रदर्शन करेगी।
महासचिव पाण्डेय के इस दौरे ने न सिर्फ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की ठोस रणनीति भी सामने आई। आने वाले समय में देवघर जिले में संगठनात्मक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।