देवघर। हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत शनिवार को देवभूमि देवघर पहुंचीं। कंगना रनौत दिल्ली से विशेष विमान द्वारा देवघर एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां पहले से मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से उन्हें सीधे देवघर सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां कुछ देर विश्राम के बाद वे विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुईं।

बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचते ही मंदिर परिसर को सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरी तरह से सील कर दिया गया था। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी। आम श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित किया गया, ताकि सांसद की पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
कंगना रनौत ने बाबा बैद्यनाथ का पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान कंगना पूरी तरह भक्ति भाव में नजर आईं। उन्होंने मंदिर में विशेष पूजा कर बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लिया।
पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में सांसद कंगना रनौत ने कहा कि उन्हें बाबा बैद्यनाथ धाम आकर अत्यंत सुखद अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी देश के अन्य ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुकी हैं, लेकिन बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन आज उनके लिए विशेष और भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा, “बाबा बैद्यनाथ जी ने आज पहली बार बुलाया है। यहां आकर दर्शन करने का सौभाग्य मिला, इसके लिए मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानती हूं।”
कंगना रनौत ने देवघर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर बताते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम की महिमा पूरे देश और दुनिया में प्रसिद्ध है। यहां आकर मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि देवघर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यहां की व्यवस्था सराहनीय है और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं प्रशंसनीय हैं।
बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद सांसद कंगना रनौत सीधे बासुकीनाथ धाम के लिए प्रस्थान कर गईं। बासुकीनाथ धाम भी भगवान शिव का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ती है। उनके दौरे को लेकर बासुकीनाथ क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में रहा।
कंगना रनौत के देवघर आगमन से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि सुरक्षा कारणों से आम लोगों को उनसे मिलने का अवसर नहीं मिला, फिर भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उनके आगमन को लेकर उत्सुकता बनी रही। कंगना रनौत का यह धार्मिक दौरा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफल रहा।
