By: Vikash Kumar (Vicky)
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर शिखर धवन ने एक बार फिर जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर दी है। शिखर धवन ने अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ शादी रचा ली है। दोनों पिछले एक साल से अधिक समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और अब उन्होंने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दे दिया है।

शिखर धवन की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने आयशा मुखर्जी से विवाह किया था, लेकिन कुछ समय बाद दोनों अलग हो गए थे। अब धवन ने अपने जीवन में आगे बढ़ते हुए सोफी शाइन के साथ नई शुरुआत की है। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की खबर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस उन्हें जमकर बधाइयां दे रहे हैं।
भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शिखर धवन के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें शादी की शुभकामनाएं दीं। चहल ने फोटो पोस्ट कर लिखा कि “नई पारी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।”

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिखर धवन और सोफी शाइन पिछले एक साल से ज्यादा समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों को कई बार साथ देखा गया था।
शिखर धवन भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते रहे हैं। आईसीसी टूर्नामेंट्स में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी कर टीम इंडिया को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

अब दूसरी शादी के साथ धवन ने अपने जीवन में एक नई शुरुआत की है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि उनका वैवाहिक जीवन खुशहाल और सफल रहेगा।

