By: Vikash Kumar (Vicky)
पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और गरीबों के अधिकार को प्राथमिकता, जनता से मांगा आशीर्वाद।
देवघर। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 29 में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में वार्ड 29 से समाजसेवी एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय संजय गुप्ता ने “अटल इरादा, नेक वादा” के संकल्प के साथ जनता के बीच अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। संजय गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि वार्ड 29 का सर्वांगीण विकास है, जिसमें हर वर्ग, हर गली और हर परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

संजय गुप्ता ने कहा कि वार्ड 29 में वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं को उन्होंने नजदीक से देखा है और जनता के सहयोग से उनका समाधान भी कराया है। विशेषकर पेयजल संकट को लेकर उन्होंने ठोस पहल की। जिन इलाकों में पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं थी, वहां उन्होंने बोरिंग कार्य करवाया, ताकि भीषण गर्मी के दिनों में आम लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होंने बताया कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे सेवा के रूप में देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए उनका पहला लक्ष्य साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करना है। नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई, जलजमाव की समस्या से निजात और स्वच्छ वातावरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि साफ वार्ड ही स्वस्थ वार्ड की पहचान होता है।
संजय गुप्ता ने आगे बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जहां जरूरत पड़ी, वहां बोरिंग, चापाकल मरम्मत और वैकल्पिक जल व्यवस्था कराई जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर पानी की सुविधा उपलब्ध कराना भी उनके एजेंडे में शामिल है।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराना जरूरी है। समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच और जरूरी दवाओं की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में हरसंभव मदद की जाएगी।
संजय गुप्ता ने कहा कि वार्ड के विकास में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए वार्ड विकास समिति का गठन कर स्थानीय लोगों को निर्णय प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक जनता खुद विकास का हिस्सा नहीं बनेगी, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं है।

सरकारी योजनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि आज भी कई पात्र लोग योजनाओं से वंचित हैं। उनका प्रयास रहेगा कि आधार कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन सहित सभी योजनाओं का लाभ योग्य लोगों तक पहुंचे। जरूरतमंदों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए वार्ड स्तर पर सहायता व्यवस्था की जाएगी।
शिक्षा के क्षेत्र में संजय गुप्ता ने कहा कि वार्ड के प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को प्रोत्साहित किया जाएगा। मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे ले जाने का सबसे मजबूत माध्यम है।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वार्ड में स्ट्रीट लाइट, सुरक्षित सड़कें और बच्चों के लिए खेल मैदान जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। बच्चों के लिए बेहतर माहौल और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण उनकी प्राथमिकता है।
संजय गुप्ता ने अंत में कहा कि वह चुनाव को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का अवसर मानते हैं। उन्होंने वार्ड 29 की जनता से अपील की कि वे विकास, ईमानदारी और सेवा के आधार पर उन्हें समर्थन दें। उन्होंने कहा, “मैं वादा नहीं, काम में विश्वास रखता हूं। जो कहा है, उसे करके दिखाऊंगा।”
वार्ड 29 में संजय गुप्ता की सक्रियता और जनसरोकार से जुड़े कार्यों को देखते हुए स्थानीय लोगों में उनके प्रति सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता आगामी चुनाव में किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।

