
Jharkhand monsoon update: राज्य में समय से पहले हो सकती है मॉनसून की एंट्री,
झारखंड में इस बार समय से पहले मानूसन दस्तक दे सकता है। सामान्य समय से 16 दिन पहले मानसून अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पहुंच गया है। इससे संभावना जतायी जा रही है कि इस बार झारखंड में समय से पहले मानसून प्रवेश कर जाएगा। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण और पूर्वी भागों में दक्षिण-पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ेंगी, लेकिन जरूरी नहीं है कि निम्न दवाब का निर्माण हो। हालांकि मौसम विभाग ने केरल और बंगाल सहित अन्य राज्यों में मानसून कब तक पहुंचेगा, इसका फिलहाल कोई पूर्वानुमान जारी नहीं किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार मानसून समय से पहले आ सकता है। केरल में मॉनसून पहुंचने के लगभग 10 से 12 दिन में इसके झारखंड पहुंचने की उम्मीद रहती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। आमतौर पर देश में मानसून के एक जून को केरल में दस्तक देने की संभावना रहती है, लेकिन अंडमान में इस बार समय से पूर्व दस्तक देने से संभावना जतायी जा रही है कि इस बार समय से पूर्व ही मानसून प्रवेश कर जाएगा।
