
Deoghar: प्रफुल्ल – कनकलता सिकदार स्मृति पुरस्कार से बारा, मोहनपुर के 11 छात्र सम्मानित
देवघर। मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बारा में माध्यमिक परीक्षा 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 विद्यार्थियों को प्रफुल्ल-कनकलता सिकदार स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रथम से एकादश स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. जय चन्द्र राज (अध्यक्ष, झारखंड प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन, देवघर) ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के लिए काक चेष्टा, वको ध्यानं, स्वान निद्रा, अल्पाहारी और गृह त्यागी जैसे पांच प्रमुख लक्षणों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने माता-पिता के सम्मान को सर्वोच्च बताया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव (केंद्रीय अध्यक्ष, विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान) ने छात्रों से संकल्प लेकर तन-मन से पढ़ाई करने और सिद्धि प्राप्त करने का आह्वान किया।
विशेष सम्माननीय अतिथि प्रो. रामनंदन सिंह (अध्यक्ष, प्रगतिशील लेखक संघ, देवघर) ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रधानाध्यापक काजल कान्ति सिकदार की तरह अपने माता-पिता के नाम को रोशन करने का संकल्प लें।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार मिस्त्री ने कहा कि 2016 से विद्यालय के छात्र माध्यमिक परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं, लेकिन आजतक किसी शिक्षक की नियुक्ति नहीं हुई है। विद्यालय का संचालन सीमित संसाधनों में शिक्षक प्रभाकर लाल, गुड्डू यादव और कंप्यूटर शिक्षक नीरज प्रभाकर के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उप मुखिया मनोज कुमार राय, पंचायत समिति सदस्य जग्गू राउत, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष फाल्गुनी कुमार और उपाध्यक्ष अनिता देवी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य आकर्षण:
नवम और दशम वर्ग के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
अष्टम वर्ग के विद्यार्थियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मंच संचालन काजल कान्ति सिकदार ने किया।
धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक प्रभाकर लाल ने किया।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
विद्यालय परिसर में उत्साह और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला, जो विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है।