
अमरनाथ यात्रा 2025: न खौफ, न चिंता… बाबा बर्फानी के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
तीसरा जत्था भी हुआ रवाना, पहले दिन 12 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।
जम्मू। अमरनाथ यात्रा 2025 पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ जारी है। बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए देशभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। यात्रा के पहले दिन कुल 12,348 श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के हिमलिंग रूप के दर्शन किए। बालटाल और पहलगाम दोनों ही मार्गों से श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है।
तीसरे जत्थे को कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना किया गया। इस जत्थे में भी हजारों श्रद्धालु शामिल थे, जो भोलेनाथ के दर्शन की अभिलाषा लिए आगे बढ़े। यात्रा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। एनडीआरएफ, सेना, CRPF और स्थानीय प्रशासन श्रद्धालुओं की सेवा में मुस्तैद है।
इस बीच केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने भी बाबा बर्फानी के दर्शन किए और यात्रा की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने बेहतरीन इंतजाम किए हैं और सभी को सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित किया जा रहा है।
श्रद्धालु भी यात्रा से बेहद संतुष्ट नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि हर पड़ाव पर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं और सेवा शिविरों में उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है।
बाबा बर्फानी के जयकारों से घाटी गूंज रही है और आस्था का ये अद्भुत संगम हर किसी को भावविभोर कर रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि यात्रा निर्विघ्न रूप से पूरी हो सके।