
Deoghar: झारखंड एएनएम, जीएनएम अनुबंध कर्मचारी संघ ने किया कर्मचारी चयन आयोग के विज्ञापन पर पुनर्विचार की मांग।
देवघर। कुष्ठ आश्रम रोड स्थित संघ कार्यालय में झारखंड एएनएम, जीएनएम अनुबंध कर्मचारी संघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ की जिलाध्यक्ष अलका कुमारी ने की। इस दौरान कर्मचारी चयन आयोग के विज्ञापन संख्या 03/2025 के माध्यम से झारखंड में एएनएम पदों पर निकाले गए आवेदन पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विज्ञापन में कई बिंदुओं पर संशोधन की आवश्यकता है। प्रमुख संशोधन बिंदुओं में शामिल हैं:
1. आयु सीमा में छूट: वर्तमान विज्ञापन में अनुबंधकर्मियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष निर्धारित की गई है। संघ ने मांग की है कि इसे झारखंड सेवा नियमावली (14 के नियम) के अनुरूप बढ़ाकर 60 वर्ष किया जाए, क्योंकि कई एएनएम कर्मियों की आयु 55 वर्ष पार कर चुकी है।
2. पदों की संख्या में वृद्धि: वर्तमान विज्ञापन में केवल 3800 पदों पर नियुक्ति की बात की गई है, जबकि राज्य में लगभग 4500 अनुबंध एएनएम कार्यरत हैं। ऐसे में संघ ने राज्य की जनसंख्या के अनुरूप नए पदों का सृजन कर, सभी स्वीकृत पदों पर एकमुश्त बहाली की मांग की है।
इस अवसर पर झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अरुण कापरी, सचिव अरुण प्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष सौरभ रिचर्ड, एएनएम संघ की सचिव आरती कुमारी, साथ ही आभा देवी, रामगति देवी, बबली कुमारी वर्मा, अंजू कुमारी, मंजू कुमारी, प्रिया कुमारी, मीना कुमारी, एवं दीपा कुमारी सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संघ ने सरकार से जल्द से जल्द उक्त मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि लंबे समय से सेवा दे रहे अनुबंधकर्मियों को न्याय मिल सके।