
By: Mala Mandal
विद्युत सज्जा, फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से जगमगाया श्याम कीर्तन मंडल परिसर, प्रातः चार बजे मंगल आरती के साथ महोत्सव का हुआ समापन
देवघर कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन एकादशी के अवसर पर देवघर स्थित श्याम कीर्तन मंडल भवन में श्री श्याम जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भजन संध्या में देर रात तक भजनों की अमृतवर्षा होती रही और श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में झूमते नजर आए। पूरा मंडल परिसर आकर्षक विद्युत सज्जा, मनमोहक फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। बाबा के जयकारों और भक्तिमय संगीत से पूरा वातावरण श्याममय हो उठा।

जन्मोत्सव को लेकर मंडल परिवार की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं। परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ बाबा के दरबार को भी भव्य स्वरूप दिया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। प्रातः 10 बजे भक्तों ने श्रद्धा एवं विश्वास के साथ बाबा श्री श्याम को निशान अर्पित किए। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक शुक्ल पक्ष की एकादशी पर बाबा को निशान चढ़ाने की परंपरा निभाई जाती है। इस परंपरा के तहत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई और सुख-समृद्धि की कामना की।

कोलकाता के कारीगरों ने किया बाबा का अलौकिक श्रृंगार
जन्मोत्सव के विशेष अवसर पर कोलकाता से आए फूलों एवं श्रृंगार के कारीगरों ने बाबा श्री श्याम का अत्यंत मनमोहक और आकर्षक श्रृंगार किया। रंग-बिरंगे फूलों, सुगंधित इत्र और विशेष सजावट से बाबा का दरबार देखते ही बन रहा था। बाबा का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। दरबार की भव्यता ऐसी थी कि दर्शन करने पहुंचे भक्त कुछ देर तक बाबा के मनमोहक स्वरूप को निहारते रहे। वहीं, संध्या काल में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किए जाने वाले प्रसाद को मंडल परिवार के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ डिब्बों में पैक किया। आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था में मंडल परिवार के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

गौरव अग्रवाल ने सपरिवार प्रज्वलित की पावन ज्योत
रात्रि नौ बजे मुख्य यजमान श्री गौरव अग्रवाल ने सपरिवार बाबा श्री श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित की। ज्योत प्रज्वलन के साथ ही भजन संध्या का विधिवत शुभारंभ हुआ। सर्वप्रथम गणेश वंदना ‘गजानन सरकार पधारो, कीर्तन की सब तैयारी है’ प्रस्तुत की गई। इसके बाद गुरुवंदना के माध्यम से गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित की गई। ‘याद आती है हमें घनश्याम की, बेरहम दुनिया नहीं कुछ काम की’ जैसे भजन से भक्तिमय कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। भजन संध्या में बाबा बैद्यनाथ और भगवान भोलेनाथ की महिमा का भी गुणगान किया गया। ‘शिव डमरू वाले को दिल से ना भुलाना तू, शंभू त्रिपुरारी की नित्य आरती गाना तू’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को शिवभक्ति में सराबोर कर दिया। इसके बाद संकटमोचन हनुमान एवं माता अंजनी के लाल की स्तुति में ‘अंजनी को लाल निराला रे’ भजन प्रस्तुत किया गया।

इसके पश्चात बाबा श्याम की भक्ति में भजनों की अविरल धारा बहने लगी। ‘लाल गुलाब के फूलों से किसने तुम्हें सजाया है, महक रहा दरबार तुम्हारा, कितना इत्र लगाया है’ जैसे मधुर भजन ने बाबा के मनमोहक श्रृंगार का भावपूर्ण वर्णन किया। वहीं, ‘देवघर में जब-जब ग्यारस की शुभ रात जगाई जाती है, बैठ के सामने बाबा को हर बात बताई जाती है’ भजन ने स्थानीय श्रद्धालुओं को विशेष रूप से भावविभोर कर दिया। ‘कुछ अपनी सुना बाबा, मेरी हरदम तू सुनता है’ जैसे भजनों के माध्यम से भक्तों ने अपने आराध्य के समक्ष मन की भावनाएं व्यक्त कीं।

मिक्की दलाणिया और शिवम पंसारी के भजनों पर झूमे भक्त
इस भव्य भजन संध्या में भागलपुर से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक श्री मिक्की दलाणिया और कोलकाता से आए भजन गायक श्री शिवम पंसारी ने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दोनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर पूरा मंडल भवन तालियों, जयकारों और भक्तिमय उल्लास से गूंजता रहा। भक्तों से खचाखच भरे मंडल भवन में भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु भजनों की मधुर धुन पर नाचते-गाते और झूमते नजर आए। देर रात तक बाबा श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो बाबा श्याम स्वयं अपने भक्तों के बीच उपस्थित होकर जन्मोत्सव की खुशियां बांट रहे हों।

आधी रात को काटा गया जन्मोत्सव का केक
रात्रि लगभग 12 बजे जन्मोत्सव का विशेष और भावुक क्षण आया। इस अवसर पर प्रभु के स्वरूप माने जाने वाले एक नन्हे बालक के हाथों जन्मदिन का केक कटवाया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयकारों और हर्षोल्लास के साथ बाबा श्री श्याम का जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद केक को प्रसाद स्वरूप भक्तों के बीच वितरित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जन्मोत्सव के इस विशेष आयोजन के बाद भी अखंड ज्योत और भजन-कीर्तन का सिलसिला लगातार जारी रहा। पूरी रात श्रद्धालु बाबा की भक्ति में लीन रहे। प्रातः चार बजे तक श्याम कीर्तन मंडल परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। अंत में बाबा श्री श्याम की मंगल आरती की गई। आरती के साथ ही इस भव्य एवं दिव्य जन्मोत्सव महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।

मंडल परिवार के सामूहिक प्रयास से सफल हुआ आयोजन
श्री श्याम जन्मोत्सव को सफल एवं यादगार बनाने में श्याम कीर्तन मंडल परिवार, पूरी कार्यकारिणी, सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों और सदस्यों के साथ-साथ समस्त श्याम भक्तों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने तन-मन-धन से सहयोग करते हुए आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाई। श्रद्धा, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से आयोजित यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया।
उक्त जानकारी श्याम कीर्तन मंडल के प्रवक्ता श्री अभिषेक सिंघानिया ने दी।


