By: Mala Mandal
देवघर। श्री श्याम कीर्तन मंडल देवघर का 69वां वार्षिकोत्सव शनिवार को दूसरे दिन भव्य और भक्तिमय माहौल में आयोजित हुआ। वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन बाबा श्री श्याम प्रभु का विशेष श्रृंगार किया गया। कोलकाता से मंगाए गए फूलों और कुशल कारीगरों द्वारा बाबा का मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। बाबा के आकर्षक स्वरूप के दर्शन कर भक्त भावविभोर नजर आए। दरबार में पहुंचकर बाबा की चौखट पर माथा टेकते ही श्रद्धालुओं में विशेष आध्यात्मिक अनुभूति देखने को मिली।

बाबा श्री श्याम के विशेष श्रृंगार के दौरान फूलों की आकर्षक सजावट ने पूरे मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप प्रदान किया। श्रद्धालु काफी देर तक बाबा के मनमोहक स्वरूप को निहारते रहे। भक्तों के बीच बाबा के दर्शन और भजनों को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।

वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन प्रातःकाल भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें देवघर की गायिका प्रीति जी, सुश्री नेहा शर्मा और कुमारी जया, मधुपुर से आए रौनक जी तथा कोलकाता से आईं माही गर्ग ने बाबा श्री श्याम के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर बाबा की भक्ति में लीन नजर आए।

इस दौरान सहयोगी संस्था श्री श्याम सहारा परिवार, हिंद मोटर की ओर से भी विशेष भजन कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। संस्था के सदस्यों का उत्साह देखते ही बनता था। वहीं गुरु भाई संस्था श्री श्याम मित्र मंडल कोलकाता और श्री श्याम सरोवर, बाबा की धरोहर की ओर से भी विशेष आयोजन किया गया। अमृत वर्षा के माध्यम से बाबा के प्रति श्रद्धा और भक्ति का अनूठा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु भी इस आयोजन में शामिल हुए।

कार्यक्रम में बाबा के लाडले श्रेष्ठ दीक्षित ने अपनी भक्ति प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर तक बांधे रखा। वहीं टाटानगर से आए अनुभव अग्रवाल ने भी भजनों के माध्यम से बाबा श्री श्याम को रिझाया। सहयोगी संस्था श्री श्याम भक्त मंडल भागलपुर के आगंतुक सदस्यों ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। अलग-अलग स्थानों से पहुंचे भजन गायकों और भक्त मंडलों की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को भक्ति के महासागर में बदल दिया।

वार्षिकोत्सव के दौरान महिला श्रद्धालुओं का उत्साह भी विशेष रूप से देखने को मिला। महिला भक्त ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते हुए बाबा की सवामणी महाप्रसाद लेकर श्री श्याम मंदिर पहुंचीं। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत वातावरण बना रहा। बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह पूरे आयोजन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इसके बाद बाबा श्री श्याम को सवामणी का महाप्रसाद अर्पित किया गया। खीर और चूरमा बाबा श्री श्याम के प्रिय भोग के रूप में अर्पित किया गया। भक्तों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ बाबा को भोग लगाया। इस अवसर पर श्री श्याम मित्र मंडल हावड़ा और बाबा की धरोहर श्री श्याम सरोवर कोलकाता समेत अन्य सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता रही।

देर रात तक चले भजन और कीर्तन कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे। कानपुर से आए श्रेष्ठ दीक्षित ने अपनी प्रस्तुति से भक्तों को देर रात तक कार्यक्रम में बैठे रहने और भक्ति में रमने के लिए मजबूर कर दिया। रात करीब 11 बजे के बाद कार्यक्रम की पूर्णाहुति हुई। इससे पहले श्री श्याम कीर्तन मंडल के सदस्यों की ओर से बाबा की विशेष आरती एवं स्तुति की गई।
वार्षिकोत्सव को सफल बनाने में श्री श्याम कीर्तन मंडल के सदस्यों के साथ-साथ देवघर के नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन की सफलता पर मंडल परिवार ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

मंडल के अध्यक्ष श्री संजय बंका उर्फ गुड्डू, सचिव अशोक सरावगी, कोषाध्यक्ष पंकज पचेरीवाला, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता एवं सुनील अग्रवाल के साथ वार्षिकोत्सव के संयोजक श्री श्याम संथालिया, श्याम जालान और मनोज झांझरिया सहित मंडल के सभी पदाधिकारी, सदस्य और कर्मचारियों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
मंडल की ओर से कहा गया कि 69वें वार्षिकोत्सव में जिस तरह देवघरवासियों और समाज के हर वर्ग का सहयोग मिला, उससे पूरा मंडल परिवार उत्साहित है। आयोजन के माध्यम से बाबा श्री श्याम की भक्ति, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश लोगों तक पहुंचा।
यह जानकारी श्री श्याम कीर्तन मंडल के सहसचिव सह मीडिया प्रभारी श्री अभिषेक सिंघानिया ने दी।

