
Ranchi: लोकसभा स्पीकर का झारखंड दौरा, रांची एयरपोर्ट पर किया गया भव्य स्वागत,पढ़े पूरी खबर।
रांची। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला रांची पहुंच गये हैं। झारखंड विधानसभा स्पीकर रवींद्रनाथ महतो और रक्षा राज्यमंत्री सह सांसद संजय सेठ ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से निकलकर वे सीधे बिरसा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किया।इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष राजभवन चले गये।
बता दें कि ओम बिरला आज रांची और जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। इस दौरान वे रांची में विभिन्न समूहों द्वारा आयोजित नागरिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही जमशेदपुर में ओम बिरला सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्लेटिनम जुबली समारोह में शिरकत करेंगे। वे विभिन्न समारोहों में शामिल होने के बाद राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
लोकसभा स्पीकर जमशेदपुर के लोयोला स्कूल के फैसी सभागार में दोपहर 12:15 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। वे दोपहर 3:15 बजे के करीब जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से रांची वापस लौटेंगे।यहां ओम बिरला डंगराटोली के स्वर्णभूमि सभागार में शाम 5:45 बजे से 7:40 बजे तक विभिन्न समूहों द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शिरकत करेंगे।