By: Vikash Kumar ( Vicky )
देवघर। देवघर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रवि केशरी के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस देवघर में झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री जानकी प्रसाद यादव से मुलाकात की। इस दौरान चेंबर अध्यक्ष रवि केशरी द्वारा आयोग अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मुलाकात के दौरान चेंबर अध्यक्ष ने देवघर नगर निगम की मेयर सीट को आगामी चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि देवघर नगर निगम की मेयर सीट वर्ष 2010 में सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित थी, जबकि वर्ष 2015 में यह सीट महिला आरक्षण के अंतर्गत रखी गई थी। अब तीसरी बार यह सीट OBC वर्ग के लिए आरक्षित किया जाना न्यायसंगत और सामाजिक संतुलन की दिशा में आवश्यक कदम होगा।
रवि केशरी ने कहा कि यदि देवघर की मेयर सीट OBC वर्ग के लिए आरक्षित होती है, तो इससे न केवल पिछड़े वर्ग के लोगों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा, बल्कि झारखंड सरकार की सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का भी एक सकारात्मक संदेश समाज में जाएगा। यह निर्णय देवघर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं व्यावसायिक शहर में समावेशी विकास को गति देगा।

झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री जानकी प्रसाद यादव ने चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा उठाई गई मांग को गंभीरता से सुना और कहा कि आयोग सामाजिक तथ्यों और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर सभी मांगों पर विचार करता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पिछड़ा वर्ग के हितों से जुड़े मामलों पर आयोग सजगता से अपनी भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर देवघर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव विजय कौशिक, संरक्षक अशोक सर्राफ, उपाध्यक्ष शिव सर्राफ, कोषाध्यक्ष पंकज मोदी, सह सचिव राजकिशोर गुप्ता, राजकुमार वर्णवाल, पवन केशरी, महेश वर्णवाल, पवन वर्णवाल सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
चेंबर पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि देवघर के समग्र विकास के लिए सभी वर्गों को समान अवसर और प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है, ताकि शहर सामाजिक और आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बन सके।
