By: Vikash, Mala Mandal
देवघर। झारखंड की पावन बाबा नगरी एक बार फिर बड़े सामाजिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य सभा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन गुप्ता ने अपने आवासीय राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के 46वें राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि आगामी 11 और 12 अप्रैल को देवघर में यह भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

प्रदेश अध्यक्ष कुंदन गुप्ता ने बताया कि यह अधिवेशन शांति कोठी, पम्पास टाउन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन के सभी पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन न केवल संगठनात्मक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता को भी मजबूत करेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में संगठन की राष्ट्रीय कमिटी का चुनाव भी संपन्न कराया जाएगा। चुनावी प्रक्रिया डेलीगेट्स के आधार पर होगी, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। खास बात यह है कि इस चुनाव प्रक्रिया में महिला विंग की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जो संगठन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।

कुंदन गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में संगठन देश के लगभग 20 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और लगातार अपने विस्तार की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह संगठन वर्ष 1905 से निरंतर समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत है, और इसे देश के सबसे पुराने सामाजिक संगठनों में एक माना जाता है।
उन्होंने बताया कि इस बार के अधिवेशन में नेपाल, भूटान, पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा समाज के कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक हस्तियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। विशेष रूप से हलुवाई समाज से जुड़े सांसद सुदामा प्रसाद के आने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि बिहार विधानसभा के छह विधायक, जो इस समाज से जुड़े हैं, उन्हें भी इस अधिवेशन में आमंत्रित किया गया है। साथ ही झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। गोड्डा सांसद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रण भेजा गया है और अधिकांश ने अपनी सहमति भी दे दी है।

उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन कई मायनों में खास होने वाला है, क्योंकि इसमें न केवल संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होगी, बल्कि समाज के विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही देशभर से आए प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे उन्हें संगठन के प्रति और अधिक प्रेरणा मिलेगी।
कुंदन गुप्ता ने कहा कि अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य सभा एक सामाजिक संगठन है, जो सर्वसमाज के हित में कार्य करता है। संगठन का उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारा और सामाजिक उत्थान को बढ़ावा देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन के माध्यम से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।

प्रेस वार्ता में मौजूद अन्य पदाधिकारियों ने भी इस आयोजन को लेकर अपने विचार साझा किए और इसे सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। इस दौरान राष्ट्रीय प्रदेश प्रवक्ता कृषणा गुप्ता, राष्ट्रीय युवा प्रवक्ता राजेश साह और जिला महामंत्री अजित कुमार साह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

अंत में कुंदन गुप्ता ने देवघरवासियों से अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसे सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल वैश्य समाज के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

