By: Vikash, Mala Mandal
देवघर: पावन पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर बाबा नगरी देवघर में इस बार सोने-चांदी की खरीदारी ने नया रिकॉर्ड बना दिया। शुभ मुहूर्त के साथ ही शहर के ज्वेलरी बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से लेकर देर शाम तक दुकानों में खरीदारों की आवाजाही बनी रही। व्यापारियों के अनुसार, इस वर्ष अक्षय तृतीया के मौके पर देवघर में करीब 22 से 25 करोड़ रुपये तक के सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी हुई।

रविवार को सुबह 11:30 बजे के बाद जैसे ही शुभ मुहूर्त शुरू हुआ, बाजारों में रौनक बढ़ने लगी। शहर के प्रमुख ज्वेलरी शोरूम और दुकानों में ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर महिलाओं और युवाओं में सोने के नए डिजाइनों को लेकर खासा उत्साह देखा गया। देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।
व्यापारियों का कहना है कि इस बार ग्राहकों की पसंद में थोड़ा बदलाव देखने को मिला। जहां पहले भारी आभूषणों की मांग ज्यादा होती थी, वहीं इस बार हल्के वजन और मॉडर्न डिजाइन की ज्वेलरी को ज्यादा पसंद किया गया। खासकर 18 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी की डिमांड अधिक रही। मिनिमलिस्ट नेकलेस सेट, स्टाइलिश चेन, लेडीज रिंग, ईयररिंग और डिजाइनर ब्रेसलेट की बिक्री में तेजी देखने को मिली।

देवघर के प्रमुख ज्वेलर्स ने अक्षय तृतीया को ध्यान में रखते हुए विशेष कलेक्शन तैयार किए थे। पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों का बेहतरीन मिश्रण ग्राहकों को खूब भाया। शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। कई ग्राहकों ने निवेश के उद्देश्य से सोने के सिक्के भी खरीदे।

शहर के बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों जैसे राजेश ज्वेलर्स, मां गोल्ड हाउस, तनिष्क ज्वेलरी, कल्याण ज्वेलर्स और बालाजी ज्वेलर्स में पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ बनी रही। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर और डिस्काउंट भी दिए, जिसका असर बिक्री पर साफ तौर पर देखने को मिला।

सोने के दाम में बढ़ोतरी के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। रविवार को देवघर बाजार में 22 कैरेट सोने की कीमत लगभग 1,39,800 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,60,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। वहीं चांदी की कीमत लगभग 2,60,500 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई।

व्यापारियों के अनुसार, इस वर्ष अक्षय तृतीया पर पिछले साल की तुलना में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक ज्यादा कारोबार हुआ है। इसका मुख्य कारण शुभ मुहूर्त के साथ शादी-ब्याह का सीजन और लोगों की बढ़ती क्रय शक्ति को माना जा रहा है।
सोमवार को भी अक्षय तृतीया का शुभ मुहूर्त होने के कारण बाजारों में खरीदारी जारी रहने की संभावना है। व्यापारियों को उम्मीद है कि कुल कारोबार में और वृद्धि हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है और यह समृद्धि का प्रतीक है। यही कारण है कि हर वर्ग के लोग इस दिन सोना या चांदी जरूर खरीदते हैं।
इस बार की खरीदारी से साफ है कि देवघर का ज्वेलरी बाजार तेजी से आगे बढ़ रहा है और ग्राहकों की पसंद भी समय के साथ बदल रही है। आधुनिकता और परंपरा के मेल ने इस बार के बाजार को खास बना दिया।

