By: Vikash kumar (Vicky)
देवघर। श्रावणी मेला-2026 के मद्देनजर अपराध नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर देवघर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए व्यवसायियों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलने तथा इलाके में दहशत फैलाने वाले सौरभ पलिवार गिरोह के तीन सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल (कट्टा) तथा तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पहले से ही कई संगीन आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और इनके विरुद्ध हत्या, लूट, रंगदारी सहित अनेक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सौरभ पलिवार गिरोह के कुछ सदस्य श्रावणी मेला के दौरान व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी खुलेआम देशी कट्टा लहराकर लोगों को धमका रहे हैं तथा रंगदारी की मांग कर रहे हैं।

एसपी ने बताया कि इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक हथियार लहराते हुए लोगों को डराने और अपनी दहशत कायम करने का प्रयास करते दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने वायरल वीडियो और गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और स्थानीय इनपुट के आधार पर हरि शरणम कुटिया के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी सौरभ पलिवार गिरोह से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे। प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी पुलिस को मिली हैं, जिसके आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से आए और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए देवघर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी अपराधी, असामाजिक तत्व या रंगदारी मांगने वाले गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में लगातार विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है।

उन्होंने व्यवसायियों और आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें धमकाने, रंगदारी मांगने या अवैध हथियार के बल पर डराने का प्रयास करता है तो इसकी तत्काल सूचना नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है ताकि मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन आरोपियों का हाल के दिनों में हुई रंगदारी, लूट अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।
देवघर पुलिस की इस कार्रवाई को श्रावणी मेला से पहले अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह का विशेष अभियान जारी रहेगा और जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

