By: Mala Mandal
झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंची एक महिला श्रद्धालु चोरी की घटना की शिकार हो गई। घटना मंदिर क्षेत्र के शिवगंगा गली स्थित आशुतोष भगत लेन के समीप की बताई जा रही है, जहां प्रसाद खरीदने के दौरान महिला के पर्स से नगदी और मोबाइल गायब हो गया। मामले में महिला श्रद्धालु ने संदेह के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ लिया और बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा तीनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाना ले गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला श्रद्धालु बिहार के मधुबनी जिला के आड़े थाना क्षेत्र अंतर्गत धकजरिया गांव की रहने वाली संताना देवी हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ नाती के उपनयन संस्कार के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंची थीं। परिवार के साथ धार्मिक कार्यक्रम के तहत पूजा-अर्चना की तैयारी चल रही थी।

महिला श्रद्धालु ने बताया कि घटना वाले दिन वह पहले शिवगंगा में स्नान कर बाबा मंदिर में जलार्पण और पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान वह शिवगंगा गली स्थित एक दुकान पर प्रसाद खरीदने के लिए रुकीं। प्रसाद लेने के दौरान अचानक उन्हें महसूस हुआ कि उनके हाथ में रखा पर्स कोई छीनकर भागने की कोशिश कर रहा है।

पीड़िता के अनुसार उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए संबंधित महिला का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। आरोप है कि भागने के दौरान संदिग्ध महिला ने पर्स या उसमें मौजूद सामान दूसरी महिला को सौंप दिया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से तीन महिलाओं को रोक लिया गया।

स्थानीय लोगों की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक पूछताछ और बातचीत का दौर चलता रहा। पीड़िता का दावा है कि पूछताछ के दौरान पकड़ी गई महिलाओं ने उनके 4000 रुपये वापस करने की बात कही और नगदी लौटाई भी गई, लेकिन पर्स में रखा मोबाइल फोन वापस नहीं किया गया।
महिला श्रद्धालु ने बताया कि उनके पर्स में करीब 4000 रुपये नकद और एक रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन था। नकदी मिलने के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने से उन्होंने मामले की सूचना तत्काल बाबा मंदिर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों महिलाओं को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की घटना वास्तव में कैसे हुई और मोबाइल फोन कहां गया।
घटना के बाद मंदिर क्षेत्र में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं के बीच भी चर्चा का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में प्रतिदिन देवघर आने वाले श्रद्धालुओं के बीच ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े करती हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रावणी माह और धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर क्षेत्र एवं आसपास की गलियों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में श्रद्धालुओं को अपने सामान की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत होती है।

फिलहाल पुलिस पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है और मोबाइल बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी।


