By: Vikash, Mala Mandal
देवघर जिला अंतर्गत पलोजोरी थाना क्षेत्र के बरदड्डा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के आपसी विवाद के बीच एक वर्षीय मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम अजमद अंसारी बताया जा रहा है, जो करीम अंसारी का पुत्र था। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसे लेकर करीब दो माह पूर्व पंचायत भी बुलाई गई थी। इसके बावजूद दोनों के बीच तनाव खत्म नहीं हो पाया था।
घटना वाले दिन भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान यह भी चर्चा सामने आई है कि विवाद की एक वजह पत्नी का किसी युवक से मोबाइल पर संपर्क होना बताया जा रहा है। शनिवार को भी उस युवक का संदेश आने के बाद विवाद और बढ़ गया था। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है और इसे जांच का विषय माना जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, विवाद के बीच दोपहर में बच्चे के पिता ने उसे दूध पिलाया था, जिसके बाद बच्चा सो गया। बाद में मां उसे सुलाने के लिए घर के अंदर ले गई। कुछ देर बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और वह जोर-जोर से खांसने लगा तथा उसके मुंह से पानी निकलने लगा। स्थिति गंभीर होने पर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया गया और आनन-फानन में बच्चे को पलोजोरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के पिता करीम अंसारी और चाचा अख्तर अंसारी ने बच्चे की मां मुस्कान खातून पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद के दौरान ही बच्चे की हत्या की गई है। वहीं दूसरी ओर मृतक की मां मुस्कान खातून ने इन आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि बच्चे को दूध पिलाने के बाद वह सो गया था और बाद में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की मां का कहना है कि बच्चे की मौत एक दुर्घटना है और इसमें किसी तरह की साजिश या हत्या नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पलोजोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस ने बताया कि अभी तक मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। गांव में इस घटना को लेकर भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसका असर पूरे परिवार पर पड़ रहा था। हालांकि किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि यह विवाद इतनी बड़ी त्रासदी का रूप ले लेगा।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि यह एक दुर्घटना थी या फिर हत्या का मामला।

